पृष्ठ:खग्रास.djvu/१६७

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
१६७
खग्रास

८ हजार २०० फुट मोटी बर्फ की तह जमी है, जिसके ऊपर २० फुट सख्त बर्फ की मोटी तह है। इसके ऊपर ७७ फुट मोटी बर्फ की तह और है।"

"हमारा जो उद्देश्य है वह पूरा हो गया? हमे यूरेनियम यहाँ से प्रभूत मात्रा में मिल सकेगा?"

"यूरेनियम का तो इस ध्रुव में भण्डार भरा पड़ा है। इसके अतिरिक्त चांदी, तांबा, कच्चा लोहा, सोना और मोलवडीनम भी यहाँ बेतौल है।"

"मोल वडीनम क्या?" लिज़ा ने पूछा।

"फौलाद को सख्त बनाने में इसी धातु का मिश्रण किया जाता है।"

"क्या तेल की भी यहाँ सम्भावना है?"

"मैं तो समझता हूँ, तेल का यहाँ हमे अटूट भण्डार मिलेगा। इसके साथ ही कोयले का भी इतना भण्डार यहाँ है कि विश्व भर में इतना कहीं न होगा।"

"मैं तो कह सकता हूँ, पृथ्वी पर कच्चे लोहे का इतना भण्डार कहीं न होगा जितना यहाँ है।" जोरोवस्की ने कहा।

लिजा अब तक चुप बैठी बात सुन रही थी। अब उसने कहा—"एक बात की तरफ तो आपने ध्यान ही नहीं दिया। इस महाद्वीप के चारों ओर के समुद्र में समुद्र का महा-मूल्यवान जन्तु ह्वेल मछली भी अनगिनत है।"

"हाँ, हाँ, यह बात हमारी नजर से ओझल थोड़े ही है।"

"विश्व मे जितनी ह्वेल मछली पकड़ी जाती है, उसका तीन चौथाई भाग यहीं से हमे प्राप्त होगा।"

"अब प्रश्न यह है कि क्या द्वीप पर हमारा एकाधिकार प्राप्त होगा? इस बार विश्व के चौदह राष्ट्रों ने ध्रुव देश पर अभियान किया है।" जोरोवस्की ने कहा।