पृष्ठ:खग्रास.djvu/२३४

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
२३५
खग्रास


"अर्थात् वे अपने को भारतीय समझे ही नहीं। अपनी मातृ-भूमि को तिलांजलि दे दें।"

"जो हो, परन्तु भारत सरकार की इस चेतावनी के कारण मलय और सिंगापुर के भारतीयों ने वहाँ की नागरिकता के प्रयास में भारत के पासपोर्ट भी रद्द करवा दिए हैं।"

"परन्तु जो नया कदम उठाया जा रहा है, उससे तो ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उनके लिए नागरिकता का प्रश्न अन्धेरे में है।"

"अभी हाल ही में भारतीय राष्ट्रपति मलय गए थें न?"

"हाँ, हाँ, और उनका वहाँ भव्य स्वागत हुआ।"

"अच्छा, युगोस्लाविया के राष्ट्रपति मार्शल टीटो का इन दिनों जब कि भारतीय राष्ट्रपति मलय-इंडोनेशिया का दौरा कर रहे थें, वहाँ जाने का क्या कारण हो सकता था?"

"वे तो समूचे ही एशिया का दौरा कर रहे हैं। क्या मार्शल टीटो जैसा व्यक्ति इन एशियाई देशों की आन्तरिक उथल-पुथल को नज़र अन्दाज कर सकता है?"

"क्या आप बता सकते हैं कि मलाया में भारत के राष्ट्रपति के जाने का क्या कारण है?"

"कारण स्पष्ट है। मलाया राष्ट्र-मण्डल का एक देश है, और भारत यूँ भी एशिया के देशों से अधिक निकट सम्पर्क बनाए रखना चाहता है।"

"थाईलैण्ड और कम्बोडिया के विवाद में थाई लैण्ड के सर्वेसर्वा—सरित तनरथ ने सीमान्ती सेनाओं को बाह्य आक्रमण, सीमा भंग, या डकैती जैसी घटनाओं के लिए तत्पर रहने का आदेश दिया है। और कम्बोडिया ने राष्ट्र संघ को सूचित किया है कि थाई सेनाएँ सीमा पर एकत्रित हो रही है।"

"लेकिन चीन पर इसकी क्या प्रतिक्रिया हुई है?"

"चीन ने मलय और सिंगापुर से व्यापार बन्द कर दिया है।"