पृष्ठ:गुप्त-धन 2.pdf/१६२

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ प्रमाणित है।
१६६
गुप्त धन
 

डाली। चौधरी साहब के दूसरे नौकरों पर भी असर पडा; जो मुसलमान कभी मसजिद के सामने खड़े न होते थे, वे पाँचों वक्त की नमाज अदा करने लगे, जो हिन्दू कभी मंदिरों में झाँकते भी न थे, वे दोनो वक्त संध्या करने लगे।

बस्ती में हिन्दुओं की संख्या अधिक थी। उस पर ठाकुर भजनसिंह बने उनके मुखिया, जिनकी लाठी का लोहा सब मानते थे। पहले मुसलमान, सख्या में कम होने पर भी, उन पर गालिब रहते थे, क्योंकि वे संगठित न थे, लेकिन अब वे संगठित हो गये थे, भला मुट्ठी भर मुसलमान उनके सामने क्या ठहरते।

एक साल और गुजर गया। फिर जन्माष्टमी का उत्सव आया। हिंदुओं को अभी तक अपनी हार भूली न थी। गुप्त रूप से बराबर तैयारियाँ होती रहती थीं। आज प्रातःकाल ही से भक्त लोग मंदिर में जमा होने लगे। सबके हाथो में लाठियाँ थी, कितने ही आदमियों ने कमर में छुरे छिपा लिये थे। छेड़कर लड़ने की राय पक्की हो गयी थी। पहले कभी इस उत्सव में जुलूस न निकला था। आज धूम-धाम से जुलूस भी निकलने की ठहरी।

दीपक जल चुके थे। मसजिदों में शाम की नमाज होने लगी थी। जुलूस निकला। हाथी, घोड़े, झंडे-झंडियाँ, बाजे-गाजे, सब साथ थे। आगे-आगे भजनसिंह अपने अखाड़े के पट्ठों को लिये अकड़ते चले जाते थे।

जुमा मसजिद सामने दिखायी दी। पट्ठों ने लाठियाँ सँभाली, सब लोग सतर्क हो गये। जो लोग इधर-उधर बिखरे हुए थे, आकर सिमट गये। आपस में कुछ काना-फूसी हुई। बाजे और जोर से बजने लगे। जयजयकार की ध्वनि और जोर से उठने लगी। जुलूस मसजिद के सामने आ पहुँचा।

सहसा एक मुसलमान ने मसजिद से निकलकर कहा––नमाज का वक़्त है, बाजे बंद कर दो।

भजनसिंह––बाजे न बंद होंगे।

मुसलमान––बद करने पड़ेंगे।

भजनसिंह––तुम अपनी नमाज क्यों नहीं बंद कर देते?

मुसलमान––चौधरी साहब के बल पर मत फूलना। अबकी होश ठंडे हो जायँगे।

भजनसिंह––चौधरी साहब के बल पर तुम फूलो, यहाँ अपने ही बल का भरोसा है। यह धर्म का मामला है।

इतने में कुछ और मुसलमान निकल आये, और बाजे बंद करने का आग्रह करने