पृष्ठ:गुप्त-धन 2.pdf/५२

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
५६
गुप्त धन
 

उसने दुबारा कुछ न कहा। चुपके से चला गया। उसके जाने के बाद माया ने सोचा मैंने उसके साथ कितनी बेमुरौबती की। रेलगाड़ी की उस दुखद घटना के बाद उसके दिल मे बराबर प्रतिशोध और मनुष्यता में लडाई छिड़ी हुई थी। अगर ईश्वरदास उस मौके पर स्वर्ग के एक दूत की तरह न आ जाता तो आज उसकी क्या हालत होती, यह खयाल करके उसके रोएँ खड़े हो जाते थे और ईश्वरदास के लिए उसके दिल की गहराइयों से कृतज्ञता के शब्द निकलते। क्या अपने ऊपर इतना बडा एहसान करनेवाले के खून से वह अपने हाथ रँगेगी? लेकिन उसी के हाथो उसे यह मनहूस दिन भी तो देखना पड़ा! उसी के कारण तो उसने रेल का वह सफर किया था वर्ना वह अकेले बिना किसी दोस्त या मददगार के सफर ही क्यों करती? उसी के कारण तो आज वह वैधव्य की विपत्तियाँ झेल रही है और सारी उम्र झेलेगी। इन बातों का खयाल करके उसकी आँखे लाल हो जाती, मुंह से एक गर्म आह निकल जाती और जी चाहता इसी वक्त कटार लेकर चल पडे और उसका काम तमाम कर दे।

आज माया ने अन्तिम निश्चय कर लिया। उसने ईश्वरदास की दावत की थी। यही उसकी आखिरी दावत होगी। ईश्वरदास ने उस पर एहसान जरूर किये है लेकिन दुनिया मे कोई एहसान कोई नेकी उस शोक के दाग को मिटा सकती है?रात के नौ बजे ईश्वरदास आया तो माया ने अपनी वाणी मे प्रेम का आवेग भरकर कहा—बैठिए, आपके लिए गर्म-गर्म पूड़ियाँ निकालूं!

ईश्वरदास—क्या अभी तक आप मेरे इन्तजार मे बैठी हुई है? नाहक गर्मी में परीशान हुई।

माया ने थाली परसकर उसके सामने रखते हुए कहा—मैं खाना पकाना नहीं जानती। अगर कोई चीज अच्छी न लगे तो माफ कीजिएगा।

ईश्वरदास ने खूब तारीफ कर करके एक-एक चीज खायी। ऐसी स्वादिष्ट चीजे उसने अपनी उम्र में कभी नहीं खायी थी।

'आप तो कहती थीं मैं खाना पकाना नही जानती?'

'तो क्या मैं गलत कहती थी?'

'बिलकुल गलत। आपने खुद अपनी गलती साबित कर दी। ऐसे स्वस्ते मैंने जिन्दगी में कभी नहीं खाये थे।'