पृष्ठ:चोखे चौपदे.djvu/२१३

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ प्रमाणित है।
२०४
चोखे चौपदे

भेद है बाप-मा-कलेजे मे।
तर बतर एक दूसरा तर है॥
एक में कुछ कसर असर भी है।
दूसरा बेकसर सरासर है॥

काम का बाप का कलेजा है।
मा कलेजा मयाधरोहर है॥
एक है प्यार का बड़ा झरना।
दूसरा प्यार का सरोवर है॥

प्यारवाला है कलेजा बाप का।
मा कलेजा प्यार से भरपूर है॥
जो रसीला आम मानें एक को।
दूसरा तो रसभरा अगूर है॥

मा कलेजा दूध से है तरबतर।
है कलेजा बाप का हित से हरा॥
है निछावर एक होता प्यार पर।
दूसरा है प्यार से पूरा भरा॥