पृष्ठ:दृश्य-दर्शन.djvu/१५३

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
बलगारिया।

यूरप के दक्षिणी भाग में बालकन नाम का एक प्रायद्वीप है। यह प्रदेश कई छोटे छोटे राज्यों में विभक्त है। उनके नाम हैं-ग्रीस, सर्विया, बलगारिया, बासनिया, हर्जगोबिना, रोमानिया और अलबानिया। टर्की का जो भाग योरप में है वह भी इसी के अन्तर्गत है। पहले ये सब टर्की के आधीन थे। किन्तु धीरे धीरे ये स्वतन्त्र हो गये हैं। बासनिया और हर्जगोविना को आस्ट्रिया ने छीन लिया है। अलबानिया में अराजकता है। अन्य राज्य सुधरी हुई राजतन्त्र-प्रणाली से शासित होते हैं। इन राज्यों में ईसाई,मुसल्मान और यहूदी सभी धर्मों के अनुयायियों का निवास है।

बलगारिया को टर्की से स्वतन्त्र हुए, अभी बहुत समय नहीं हुआ। तथापि इतने ही समय में उसने बहुत उन्नति कर ली है। बलगारिया का राज्य टर्की के उत्तर है। उसका क्षेत्र-फल कोई ३८ हज़ार वर्ग मील और आबादी कोई ५० लाख है।