पृष्ठ:रघुवंश (अनुवाद).djvu/२१३

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
१६३
बारहवाँ सर्ग।


वैरी सदाही छिद्र ढूँढ़ा करते हैं। अतएव जब अयोध्या-राज्य के वैरियों ने देखा कि राजकुमार तो वन को चले गये और राजा परलोक को, तब उनकी बन आई। मौक़ा अच्छा हाथ आया देख वे उस राज्य का एक एक अंश, धीरे धीरे, हड़प करने लगे। भरत और शत्रुघ्न भी उस समय अयोध्या में न थे। वे अपने मामा के यहाँ गये थे। फिर भला शत्रु क्यों न उत्पात मचाते? अराजकता फैलती देख कर अनाथ मन्त्रियों ने भरत को बुलाने के लिए दूत भेजे। वे भरत के ननिहाल गये। परन्तु, पिता की मृत्यु की बात यहाँ भरत से कहना उन्होंने उचित न समझा। अतएव, किसी तरह, आँसू रोके हुए, वे वहाँ गये और भरत को लिवा लाये।

अयोध्या को लौट आने पर भरत को पिता की मृत्यु का हाल और उसका कारण मालूम हुआ। इस पर वे दुःख और शोक से व्याकुल हो उठे। उन्होंने अपनी माता कैकेयी ही से नहीं, किन्तु राज्य-लक्ष्मी से भी मुँह मोड़ लिया। सेना-समेत उन्होंने अपने भाई का अनुगमन किया। रामचन्द्र को लौटा लाने के इरादे से वे अयोध्या से चल दिये। राह में जिन पेड़ों के नीचे राम-लक्ष्मण ने विश्राम किया था उन्हें जब आश्रमवासी मुनियों ने भरत को दिखाया तब भरत की आँखों से आँसुओं की झड़ी लग गई। चित्रकूट पहुँचने पर राम-लक्ष्मण से भरत की भेंट हुई। भरत ने पहले तो पिता के मरने का वृत्तान्त रामचन्द्र से कह सुनाया। फिर उन्होंने रामचन्द्र से अयोध्या लौट चलने के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा:—"मैंने अभी तक आपकी राज्य-लक्ष्मी को हाथ तक नहीं लगाया। वह वैसी ही अछूती बनी हुई है। चलिए और कृपापूर्वक उसका उपभोग कीजिए"। बड़े भाई का विवाह होने के पहले यदि छोटा भाई विवाह करले तो वह परिवेत्ता कहलाता है और धर्म्मशास्त्र के अनुसार उसे दोष लगता है। इसी से भरत ने सोचा कि बड़े भाई रामचन्द्र के राज्य लक्ष्मी का स्वीकार न करने पर यदि मैं उसका स्वीकार कर लूँगा तो परिवेत्ता होने के दोष से न बच सकूँगा। अतएव, ऊन्होंने रामचन्द्र से बार बार आग्रह किया कि आप अयोध्या को लौट चलिए आर राज्य कीजिए। परन्तु रामचन्द्र ने स्वर्गवासी पिता की आज्ञा का उल्लंघन करना स्वीकार न किया। उन्होंने घर लौट जाने और राज्य करने से साफ़ इनकार कर दिया।

जब भरत ने देखा कि रामचन्द्र को लोटा ले जाना किसी तरह सम्भव नहीं तब उन्होंने उनसे उनकी खड़ाऊँ माँगी। उन्होंने कहा—यदि आप मेरी प्रार्थना नहीं स्वीकार करते तो अपनी खड़ाऊँ ही दे दीजिए। आपकी अनुपस्थिति में मैं उन्हीं को आपके राज्य का देवता बनाऊँगा; आपके सिंहासन पर उन्हीं को स्थापित करके मैं आपके सेवक की तरह आपका राज्यकार्य्य

२६