पृष्ठ:सम्पूर्ण गाँधी वांग्मय Sampurna Gandhi, vol. 1.pdf/६२

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
२०
सम्पूर्ण गांधी वाङ्मय

एक पैसे में खाने योग्य मांस मिल जाना अगर बिलकुल असम्भव नहीं तो बहुत कठिन जरूर होगा।

अब इस प्रश्नका निर्णय हो जाने के बाद कि भारत में अन्नाहारी लोग कौन है, स्वाभाविक प्रश्न यह उठेगा कि वे जिस अन्नाहार-सिद्धान्तका पालन करते हैं वह क्या है ? पहले तो, भारतीयोंके अन्नाहारका अर्थ शाक-सब्जी, अंडों और दूध का आहार नहीं है।' भारतीय अर्थात् भारतीय अन्नाहारी मांस, मछली और मुर्गीके अलावा अंडे खाने से भी परहेज करते हैं। उनका तर्क यह है कि अंडा खाना जीवहत्या करने के बराबर है, क्योंकि यदि अंडे को छेड़ा न जाये तो स्पष्ट है कि उससे बच्चा पैदा होगा। परन्तु जिस तरह यहाँ के कट्टर अन्नाहारी दूध और मक्खन से भी परहेज करते हैं, वैसा भारतीय अन्नाहारी नहीं करते। उलटे, वे तो उन्हें फलाहार -- उपवास के दिनों में सेवन करने योग्य पवित्र वस्तुएँ मानते हैं। ये फलाहार के दिन हर पखवारे में आते हैं और ऊँची जातियों के हिन्दू सामान्य रूपसे इनका पालन करते हैं। उनका कहना है कि हम गायका दूध लेकर उसकी हत्या नहीं करते। गो-दोहन को तो भारत में काव्य और चित्रकला का विषय बना लिया गया है और, निश्चय ही उससे कोमलतम भावनाओंको भी धक्का नहीं पहुँच सकता, जैसा कि गो-वधसे पहुँचता है। यहाँ यह कह देना भी अनुचित न होगा कि हिन्दू लोग गायको पूजनीय मानते हैं और वधके हेतु गायोंका जो निर्यात किया जाता है उसे रोकनेके लिए एक आन्दोलन तेजी के साथ जोर पकड़ रहा है।

[अंग्रेजीसे]

वेजिटेरियन, ७-२-१८९१

८. भारतीय अन्नाहारी--२

साधारणतः भारतीय अन्नाहारियों का भोजन उनके अपने-अपने प्रदेशके अनुसार भिन्न-भिन्न होता है। बंगाल का मुख्य आहार चावल है, जब कि बम्बई प्रदेश का गेहूँ है।

आमतौरपर सारे भारतीय--और विशेषत: प्रौढ़ लोग और उनमें भी ऊँची जातियों के हिन्दू दिन में दो बार भोजन करते हैं। दोनों बारके भोजनके बीच जब-कभी प्यास लगती है, वे एक-दो गिलास पानी पी लेते हैं। पहली बारका भोजन वे लगभग दस बजे सुबह करते हैं। यह इंग्लैंडके शामके मुख्य भोजन (डिनर) के जैसा होता है। दूसरी बारका भोजन रात को लगभग आठ बजे किया जाता है। जहाँ तक नामका सम्बन्ध है, वह इंग्लैंडकी व्यालू (सपर) के समान होता है। परन्तु वह हलका आहार नहीं, भरपूर भोजन होता है। साधारणत: भारतके लोग छ: बजे और इससे भी जल्दी चार या पाँच बजे सुबह जागते हैं। यह देखते हुए अनुमान किया जा

१.मूल लेखमें वी०ई०एम० डाएट' दिया है, जो शायद 'वेजिटेवल्स, एग्ज ऐंड मिल्क डाएट' का संक्षिप्त रूप है।