सामग्री पर जाएँ

पृष्ठ:सम्पूर्ण गाँधी वांग्मय Sampurna Gandhi, vol. 11.pdf/५३०

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।

 

३६३. लॉर्ड ऍम्टहिल द्वारा हमारा पक्ष-पोषण

उस दिन लॉर्ड ऍम्टहिलने लार्ड सभामें माननीय श्री गोखलेकी दक्षिण आफ्रिका-यात्रासे सम्बन्धित कागजात देखनेको माँगे।[१] इस श्रेष्ठ पुरुषके मनमें हमारे कार्यके प्रति जो महान् एवं अथक उत्साह है, इसके लिए हम एकाधिक बार भारतीय समाजकी ओरसे कृतज्ञता प्रकट कर चुके हैं। वे ऐसा कोई अवसर कभी नहीं चूके, जब हमारी समस्याकी ओर वे लार्ड सभाका ध्यान आकर्षित करके कुछ लाभ उठा सकते थे; और प्रत्येक भारतीय जानता है कि लॉर्ड महोदयका कार्य हमारे लिए कितना सहायक सिद्ध हुआ है, और उससे मुसीबतोंके बीच हमें किस प्रकार प्रोत्साहन प्राप्त हुआ है। उनका सबसे ताजा प्रयत्न, जिसका पूरा विवरण हम अन्यत्र प्रकाशित कर रहे हैं, श्री गोखलेके दौरेपर आधारित था। लॉर्ड ऍम्टहिलको यह बात गवारा नहीं थी कि श्री गोखलेकी यात्रा बिना किसी ठोस परिणामके लोगोंके दिमागसे उतर जाये। वे इस बातके लिए उत्सुक थे कि यात्राके कारण जो अच्छा वातावरण बना है, उसका पूरा उपयोग ऐसे नये कानून बनवानेके लिए और वर्तमान कानूनोंके अमलको ऐसा रूप देनेके लिए किया जाये, जिससे जो मुसीबतें हमपर निरन्तर लादी जा रही हैं, हमें उनसे राहत मिले। प्रसंगवश उन्होंने श्री गोखलेके व्यक्तित्व एवं योग्यता के प्रति शानदार श्रद्धांजलि अर्पित की। हमें दुःख है कि लॉर्ड एमॉट, जो सरकारकी ओरसे बोले, अवसरके अनुरूप ऊँचे नहीं उठ सके। वे लॉर्ड ऍम्टहिलके उद्गारोंकी उदात्त और मित्रतापूर्ण भावनाको ग्रहण नहीं कर पाये, अतः उन्होंने अत्यन्त रूखा उत्तर दिया। वे बहुत-सी बातोंपर बिलकुल चुप रहे और किसी बातका वादा नहीं किया। उपनिवेशकी भावनाका जरूरतसे ज्यादा खयाल करना और भारतीयोंकी भावनाकी उपेक्षा करना ही वह प्रवृत्ति है जो हमें इतना व्यथित करती है और इसी बातके कारण

 
  1. ↑ लॉर्ड ऍम्टहिलने ११ फरवरी, १९१३ को लॉर्ड सभामें पूछा था कि क्या साम्राज्य सरकारको सरकारी तौरपर ऐसी कोई जानकारी मिली है, जिससे अखबारोंके इस समाचारकी पुष्टि होती हो कि श्री गोखलेको दक्षिण आफ्रिका यात्रा सफल रही। उन्होंने इस बातकी जिज्ञासा करते हुए कि क्या ब्रिटिश भारतीयोंके प्रश्नका निकट भविष्यमें कोई सन्तोषजनक हल निकलनेकी आशा है, श्री गोखलेकी यात्रा से सम्बन्धित कागजात दिखानेकी भी माँग की। उन्होंने इस प्रश्नको साम्राज्यीय हितकी दृष्टिसे अत्यन्त महत्वपूर्ण बताया और कहा कि इसके बने रहनेसे भारतीयोंमें बड़ा असन्तोष फैला हुआ है, जिसका प्रबलतम रूप १९११ के कांग्रेस अधिवेशनमें प्रकट हुआ। उन्होंने यह भी पूछा कि इस यात्रा के परिणाम स्वरूप जो सद्भावनाका वातावरण तैयार हुआ है, उसका लाभ उठाने के लिए सरकारने क्या-कुछ किया है? उपनिवेश उप-मन्त्री लॉर्ड एमॉटने इसका औपचारिक और रूखा-सा जवाब देते हुए कहा कि गोखलेने गैर-सरकारी तौरपर यात्रा की थी, उन्होंने मन्त्रियोंसे जो निवेदन किया था उसका स्वरूप अनौपचारिक था और सदन के सामने रखनेके लिए तत्सम्बन्धी कोई कागज नहीं है। इंडियन ओपिनियन, २२-३-१९१३।