पृष्ठ:सम्पूर्ण गाँधी वांग्मय Sampurna Gandhi, vol. 28.pdf/४०७

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
३७७
टिप्पणियाँ

और विलम्ब हो जायेगा। अबतक जो भी विलम्ब हुआ है वह अनिवार्य था। सब निबन्धोंको अच्छी तरह जाँचना जरूरी था, और उन्हें पूरी तरह जाँचा भी गया। इसी में बहुत समय लग गया। अब जो विलम्ब हो रहा है वह भी उतना ही अनिवार्य है। खयाल यह है कि जनताके लिए हाथ-कताईपर एक संक्षिप्त पुस्तिका प्रस्तुत कर दी जाये। मैं पुरस्कार पानेवाले सज्जनोंको बधाई देता हूँ और जो लोग पुरस्कार प्राप्त नहीं कर सके है उनको भी उनके उद्योगके लिए बधाई देता हूँ, क्योंकि कुछ निबन्धोंको देखनेसे पता चलता है कि उनको लिखने में बहुत परिश्रम किया गया है।

कातनेवाले कृपया ध्यान दें

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटीके प्रस्तावके अनुसार गत वर्ष प्राप्त होनेवाले सूतकी बुनाईका जिम्मा जिन लोगोंपर था, उन्होंने मुझसे अ॰ भा॰ चरखा संघके सदस्य बननेवालोंको यह चेतावनी देनेके लिए कहा है कि वे ऐसा सूत न भेजें जो एकसार और बराबर बटदार न हो। बहुत-सा खराब सूत अभीतक बेकार पड़ा हुआ है। जिस प्रकार कहीं पतली, कहीं मोटी, कहीं कच्ची, कहीं जली हुई रोटी सुपाच्य न होनेसे रोटी नहीं कही जा सकती, उसी तरह सरलतासे न बुना जा सकनेवाला असम और कच्चा-पक्का सूत सूत नहीं है। सदस्य बनने के लिए सिर्फ अपने हाथका कता १००० गज सूत भेजना ही काफी नहीं है बल्कि प्रतिमास भेजे जानेवाले इस १००० गज सूतका अच्छा बटा हुआ और एकसार होना आवश्यक है। यह तो 'क' वर्गकी बात हई। उसी प्रकार 'ख' वर्गके सदस्योंको भी सालमें स्वयं क ऐसा ही बटदार और एकसार २००० गज सूत भेजना चाहिए। इसलिए यदि संघके मन्त्री अपने कर्त्तव्यका पूरी तरह पालन करना चाहते है तो उनके लिए यह आवश्यक है कि वे उस सूतको लेनेसे इनकार कर दें जो निर्धारित स्तरसे नीचा हो। सूतकी किस्म बहुत ऊँची हो यह तो जरूरी नहीं है, लेकिन उसे कमसे-कम बुनाईके लिहाजसे तो ठीक होना ही चाहिए। यदि चन्दा नकद लिया जाये तो नकद चन्देमें कोई खोटे रुपयको रुपया मानकर नहीं ले सकता। उसी तरह जब चन्दा सूतके रूप में लिया जाता है तब खराब सूत भी स्वीकार नहीं किया जा सकता।

आपने क्या किया है?

यदि आप कातने में विश्वास करते है और आपको अ॰ भा॰ चरखा संघमें आस्था है, तो क्या आप उसके सदस्य बन गये हैं? यदि अभीतक नहीं बने है तो क्यों नहीं क्या आप इसका कारण लिखेंगे? यदि आप उसके सदस्य बन गये हैं तो अपने हाथका अच्छा कता हुआ एक-सार सूत चन्देके रूप में भेजने के अलावा खादीको लोकप्रिय बनानेके लिए आप क्या प्रयत्न कर रहे हैं? क्या आपने अपने कुटुम्बके लोगोंको और मित्रोंको भी चरखा संघमें दाखिल होने के लिए आमन्त्रित किया है? क्या आप अपने कुटुम्बके बच्चोंसे भी देशके लिए कुछ, काम करने के लिए कहते हैं? ऐसा प्रशिक्षण कुछ कम महत्त्व नहीं रखता जिससे बच्चे बचपनमें ही बुद्धिपूर्वक आत्मत्याग करना सीख जायें और संगठनकी शक्तिको समझने लगे। संगठनके अभावमें