महात्माजी, क्या आपके निकट ये तथ्य निरर्थक हैं ?
बिलाशक इन तथ्योंका अर्थ मेरे निकट बहुत कुछ है। उनसे निस्सन्देह मनुष्य- की क्रूरता प्रकट होती है। लेकिन ये तथ्य मुझे संयत बनाते हैं । ये हमको चेतावनी देते हैं कि असहिष्णु मत बनो। ये मुझे असहिष्णुओंके प्रति भी सहिष्णु बनाते हैं । ये मनुष्यकी नितान्त महत्त्वहीनता जतलाते हैं और इस प्रकार उसे, अगर वह खुशीसे प्रार्थना नहीं करता -- ईश-प्रार्थनाके लिए मजबूर करते हैं। क्योंकि क्या इतिहास इस बातका साक्षी नहीं है कि ईश्वरके सामने घमण्डीका सिर बार-बार नीचा हुआ है ? ईश्वरके चरणोंमें उसने खूनके आँसू बहाये हैं और ईश्वरके चरणोंके नीचे पड़कर धूलमें मिलनेकी प्रार्थना की है ? यथार्थ में किसी लकीरका फकीर बननेसे नाश और उसका अभिप्राय समझकर तदनुसार चलने से जीवनका संचार होता है ।
पत्र- प्रेषकको जो कि 'यंग इंडिया' के नियमित और अध्यवसायी पाठकोंमें से हैं, अबतक जान लेना चाहिए था कि मेरे लिए, आराधनाके स्थान महज ईंट- चुनेसे बनी इमारतें नहीं हैं । ये तो केवल सत्यकी परछाइयाँ हैं । प्रत्येक बरबाद किये गये मन्दिर, मस्जिद या गिरजाघरके बदले सैकड़ों बन गये हैं । प्रार्थनाकी आवश्यकताके बारेमें तर्क करते समय यह सवाल उठाना बिलकुल बेमतलब है कि तथाकथित आस्तिकोंने अपने एतकाद ( विश्वास ) के खिलाफ काम किया है और अपनी पवित्रताके लिए प्रख्यात अनेक आराधना-स्थल धूलमें मिला दिये गये हैं । अगर में साबित कर सकूँ कि संसारमें ऐसे लोग हो गये हैं और आजकल भी हैं, जिनके लिए ईश-प्रार्थना जीवनके निमित्त रोटीको जितनी ही जरूरी है तो मेरी समझमें इतना ही काफी है दलीलके वास्ते तो काफी है ही। मैं अपने पत्रलेखक महोदयसे सिफारिश करता हूँ कि वे मस्जिदों, मन्दिरों, इत्यादिमें किसी दूसरेकी नजरमें पड़े बिना और पहलेसे बनी-बनाई धारणाओंको ताकमें रखकर जायें। वहाँ उनको पता चलेगा जैसा कि मुझे चला है कि उनमें कुछ-न-कुछ ऐसी बात जरूर है जो उन लोगोंके दिलपर छाप डालती है, जो उनकी कायापलट कर देती है, जो दिखावे या शर्म अथवा डरके मारे नहीं, वहाँ केवल उपासनाके लिए आते हैं। इसकी व्याख्या करना असम्भव है। खैर, कुछ भी हो, यह बात तो है ही कि शुद्ध मनवाले लोग वर्तमान तीर्थ-स्थानों में भी (जो कि गलतियों, मूढ़-ज्ञान और भ्रष्टाचार तकके केन्द्र बन गये हैं) जाकर पूजाके प्रतापसे अधिक शुद्ध होकर लौटते हैं । इसीलिए 'भगवद्गीता' में यह महत्त्वपूर्ण आश्वासन दिया हुआ है.।
'ये यथा मां प्रपद्यन्ते तान्स्तथैव भजाम्यहम् अर्थात्, " में मनुष्योंके उपासना भावके अनुसार ही, जिससे कि वे मेरी पूजा करते हैं, उनको फल देता हूँ ।"
पत्र-लेखकने जो कुछ लिखा है, वह निस्सन्देह हमारी वर्तमान त्रुटियाँ अवश्य जतलाता है और हमें इन्हें जल्दीसे-जल्दी हटा देना चाहिए। उनकी बात धर्मों या मजहबोंकी शुद्धिके लिए तथा दृष्टिको व्यापक बनानेके लिए एक अपील है । और वह अत्यावश्यक सुधार निश्चय ही शुरू हो रहा है । आज विश्वचेतना अधिक ऊंचे