लालाजी स्मारक कोषके बारेमें व्यक्तिगत रूपसे मेरा यह ख्याल है कि स्थानीय अपीलपर आपको हस्ताक्षर करनेकी जरूरत नहीं है । स्थानीय लोगोंको ही, यदि वे चाहते हैं तो खूब उत्साह के साथ चन्दा इकट्ठा करना चाहिए। पुरुषोत्तमदास टंडन अब सोसाइटीके कामोंका भार सँभाल रहे हैं, इससे विश्वास जागृत होना चाहिए ।
यदि मैं यूरोप नहीं गया तो संयुक्त प्रान्तको खुशीसे अपनी यात्राके कार्यक्रम में रखूंगा, और तब मैं चाहूँगा कि कमसे कम कुछ स्थानोंपर आप भी मेरे साथ रहें ।
जवाहरने सिगरेट पीना छोड़कर जवाहर जैसा ही काम किया है। हेलीका सामना करने के लिए यह एक अच्छी तैयारी है । मैं नहीं समझता जैसा कि आप सोचते हैं, हेली जवाहरपर इतनी आसानीसे हाथ डालेंगे ।
अंग्रेजी (एस० एन० १५२८१) की फोटो नकलसे ।
४१८. पत्र : निरंजन सिंहको
प्रिय मित्र,
आपका पत्र मिला । आपका विचार मुझे अच्छा लगा । आप मेरी अन्य रचनाओंका अनुवाद कर सकते हैं। आशा है कि आप जो अनुवाद करेंगे वे सब पूरे-पूरे होंगे, पुस्तकोंके कुछ अंशोंके ही अनुवाद नहीं होंगे। मुझे यह इसलिए लिखना पड़ रहा है कि कुछ अनुवादकोंने मेरी रचनाओंके साथ ऐसी स्वेच्छाचारिता बरती है। और वह भी इस ढंगसे कि प्रायः उनका अर्थ ही कुछ-का-कुछ हो गया है ।
श्रीयुत निरंजन सिंह
रसायन शास्त्रके आचार्य
खालसा कालेज
अमृतसर
अंग्रेजी (एस० एन० १५२८९ ) की माइक्रोफिल्मसे ।
१. लोक सेवक समाज ।
२. सर मेल्कॉम हेली, भारत सरकारके गृह-सदस्य और संयुक्त प्रान्तके गवर्नर ।