४५२. पत्र : इन्द्रलाल कपूरको
सत्याग्रह आश्रम
साबरमती
२३ जनवरी, १९२९
आपका पत्र मिला । आपका यह अनुमान बिलकुल ठीक है कि डा० अन्सारी, पण्डित मालवीयजी और श्रीयुत घनश्यामदास बिड़ला द्वारा जारी किये गये वक्तव्यों को मेरा अनुमोदन प्राप्त था । मैं समझता हूँ कि लालाजी स्मारकके लिए जमा की गई राशिका इससे अच्छा अन्य उपयोग हो ही नहीं सकता कि वह उनकी संस्थाको सौंप दी जाये । राजनीतिक पीड़ित कोष और ऐसे अन्य कोष अपने आपमें ऐसे होने चाहिए कि लोग उनमें चन्दा दें ।
हृदयसे आपका,
अंग्रेजी (एस० एन० १४८९०) की फोटो - नकलसे ।
४५३. पत्र : डा० परशुरामको
सत्याग्रह आश्रम
साबरमती
२३ जनवरी, १९२९
आपने विस्तारसे सारी बातें लिखीं, इससे मुझे खुशी हुई। आपकी लगाई हुई शर्तें मैंने समझ ली हैं। मैं उनका ध्यान रखूंगा । आपके इस महत्त्वपूर्ण पत्रका मैं सावधानी के साथ उपयोग करूँगा । मामला बहुत टेढ़ा है ।
हृदयसे आपका,
अंग्रेजी (एस० एन० १४८९४ ) की फोटो नकलसे ।
१. देखिए पृष्ठ ९९-१०१ और पृष्ठ ३४२-४३ ।