११. पत्र: मुहम्मद हबीबुल्लाको
सत्याग्रहाश्रम, साबरमती
३ नवम्बर, १९२८
आपका पत्र मिला। मैं श्रीयुत शास्त्रीके सुझावके[१] बारेमें जानता था। हाँ, मैं ऐसा मानता हूँ कि दक्षिण आफ्रिकी पत्रकारोंके भारत आनेसे परस्पर एक-दूसरेको ज्यादा अच्छी तरह समझ सकनेकी सम्भावना है।
हृदयसे आपका,
सर मुहम्मद हबीबुल्ला साहब बहादुर, के॰ सी॰ आई॰ ई॰
वाइसरायकी परिषद के सदस्य, नई दिल्ली
अंग्रेजी (एस॰ एन॰ ११९९७) की फोटो- नकलसे।
१२. पत्र: उर्मिला देवीको
सत्याग्रहाश्रम, साबरमती
३ नवम्बर, १९२८
आपका पत्र मिला। आपका पत्र मिलनेसे पहले मैं धीरेनको सन्देश भेज चुका था।
साथमें मेरे नाम देवधरका लिखा एक पत्र भेज रहा हूँ। मुझे उम्मीद है, आप देवधरसे मिल चुकी होंगी।
महादेव बारडोली जाँचके सिलसिले में अभी बारडोलीमें ही है।
आशा है, पूनाकी आबोहवा आपके अनुकूल पड़ रही होगी।
हृदयसे आपका,
जाह्नवी विला
डेकन जिमखाना, पुना
अंग्रेजी (एस॰ एन॰ १२९७८) की फोटो-नकलसे।
- ↑ दक्षिण आफ्रिकासे पत्रकारोंके एक दलको भारत आनेका निमन्त्रण देनेका सुझाव।