सामग्री पर जाएँ

पृष्ठ:सम्पूर्ण गाँधी वांग्मय Sampurna Gandhi, vol. 39.pdf/११८

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
८६
सम्पूर्ण गांधी वाङ्मय

सकते थे। कारकुन गलती कर दें, तो उनसे जवाब तलब किया जा सकता था किन्तु अगर गलती मुझसे हो जाये तो क्या हो ? इस तरह काम या तो मुकदमेका था या मुहर्रिरका । तीसरा कोई काम ही नहीं था । ऐसी हालत में यदि मुझे मुकदमेका काम न सौंपा जाता, तो मेरे रखनेका कोई लाभ ही नहीं था ।

अब्दुल्ला सेठका अक्षर ज्ञान बहुत मामूली था, किन्तु अनुभव-ज्ञान बहुत था । उनकी बुद्धि तीव्र थी और इस बातका उन्हें स्वयं भी भान था । अभ्याससे उन्होंने बातचीत करने लायक अंग्रेजीका ज्ञान प्राप्त कर लिया था। वे अपना सारा काम इस अंग्रेजीसे चला लेते थे । वे बैंक मैनेजरोंसे बातचीत करते थे, यूरोपीय व्यापारियोंके साथ सौदे कर लेते थे और वकीलोंको अपने मामले समझा सकते थे । हिन्दुस्तानियोंमें उनका बड़ा मान था । उनकी फर्म वहाँकी तत्कालीन हिन्दुस्तानी फर्मोंमें सबसे बड़ी थी; बड़ी फर्मोंमें से एक तो थी ही । किन्तु अब्दुल्ला सेठका स्वभाव शंकालु था ।

उन्हें इस्लामका अभिमान था । वे तत्वज्ञानकी चर्चाके शौकीन थे । वे अरबी नहीं जानते थे, फिर भी कह सकते हैं कि उन्हें कुरान शरीफ और मोटे तौरपर इस्लाम के धार्मिक साहित्यकी अच्छी जानकारी थी । दृष्टान्त उनकी जुबान पर रहते । उनके साथ रहने से मुझे भी इस्लामका काफी व्यावहारिक ज्ञान हो गया। हम एक- दूसरेको समझने लगे; इसके बाद तो वे मुझसे खूब धर्म-चर्चा करते रहते ।

दूसरे या तीसरे दिन वे मुझे डर्बनकी अदालत दिखाने ले गये । वहाँ कुछ जान-पहचान कराई। अदालत में मुझे अपने वकीलके साथ बैठाया । मजिस्ट्रेट मुझे बार-बार देखता रहा । उसने मुझे पगड़ी उतारनेके लिए कहा। मैंने उतारनेसे इन्कार किया और अदालत छोड़कर चला गया ।

मेरे भाग्य में तो यहाँ भी लड़ाई बदी थी ।

सेठ अब्दुल्लाने मुझे समझाया कि यहाँ पगड़ी उतारनेके लिए क्यों कहा जाता है; यदि व्यक्ति मुसलमानी ढंगकी पोशाक पहने हो तो वह मुसलमानी ढंगकी पगड़ी पहने रह सकता है । दूसरे हिन्दुस्तानियोंको अदालत में प्रवेश करते ही अपनी पगड़ी उतार लेनी चाहिए ।

इस सूक्ष्म भेदको समझानेके लिए मुझे कुछ तफसील में उतरना पड़ेगा। इन दो या तीन दिनोंमें ही मैंने देख लिया था कि हिन्दुस्तानी आफ्रिकामें अपने छोटे-छोटे समुदाय बनाकर बैठ गये थे । एक भाग मुसलमान व्यापारियोंका था । वे अपनेको अरब कहलवाते थे। दूसरा समुदाय हिन्दू या पारसी कारकुनों, मुनीमों या गुमाश्तोंका था । हिन्दू कारकुन अधर में लटके हुए थे। इनमेंसे कोई अरबोंमें मिल जाता था । पारसी अपनेको 'पर्शियन' कहते थे । व्यापारके अलावा भी इन तीनों वर्गोंका परस्पर थोड़ा- बहुत सम्बन्ध अवश्य था । एक चौथा वर्ग था तमिल, तेलुगू और उत्तर हिन्दुस्तानके गिरमिटियों तथा गिरमिट मुक्त हिन्दुस्तानियोंका । यह वर्गं बड़ा था। गिरमिटका अर्थ है वह इकरार जिसके अनुसार उन दिनों गरीब हिन्दुस्तानी पाँच साल तक मजदूरी करनेके लिए नेटाल जाते थे. एग्रीमेंट । गिरमिट 'एग्रीमेंट' का ही अपभ्रंश है और उसीसे यह गिरमिटिया शब्द बना है । इस वर्गसे दूसरोंका व्यवहार केवल कामकी दृष्टिसे ही रहता था । अंग्रेज इन गिरमिटवालोंको 'कुली' कहते थे और चूंकि इनकी