सामग्री पर जाएँ

पृष्ठ:सम्पूर्ण गाँधी वांग्मय Sampurna Gandhi, vol. 39.pdf/४१२

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
३८०
सम्पूर्ण गांधी वाङ्मय

अधिक बोझ नहीं पड़ेगा । कोई भी व्यक्ति किये जानेवाले सारे कामोंको याद नहीं रख सकता ।

मुझे वहाँ पहुँचने में एक दिनकी देरी होगी । यहाँका कार्यक्रम कुछ गड़बड़ हो गया था और नया बनाना पड़ा। सोमवारको मौनवार होता है; इस कारण एक दिन और बढ़ाये बिना काम नहीं चल सकता था ।

तुम अपना स्वास्थ्य पत्थर की तरह बना डालो। यह हो सकता है । तुम्हें दूध और घी ज्यादा लेना चाहिए। यदि तेल माफिक आता हो तो मैं घीको जरूरी नहीं समझता । यदि तुम्हें बादाम पच सकें तो मुझे लगता है कि घीकी तनिक भी जरूरत नहीं है । किन्तु यह प्रयोग तो शायद मेरे आनेके बाद करना ठीक होगा ।

विमु और धीरूको[]तुम्हें अपने हाथ में ले लेना चाहिए अथवा रमाको उनका पालन- पोषण सीखना चाहिए। वे अच्छे बच्चे हैं; सिर्फ उनकी अच्छी देख-रेखकी जरूरत है ।

आजके सभी पत्र सवेरे-सवेरे लिख रहा हूँ । डाक जल्दी जाती है और आज मैं तीन बजे उठ गया था; इसलिए पत्र लिख रहा हूँ। वहाँके मुकाबिलेमें यहाँ ठंड कम है। लोगोंका कहना है कि कलसे हवा बदल गई है ।

तीसरे दर्जे में यात्रा करने में मुझे कोई कठिनाई नहीं हुई। आधे रास्तेतक तो गाड़ी में बहुत कम लोग थे । रातको सबको सोनेके लिए काफी जगह मिल गई थी । पाखाने की दिक्कत थी । इसलिए प्रोफेसरके [] लिए आबूसे हैदराबाद तककी दूसरे दर्जेकी टिकट ली। वे और सुब्वैया[] बारी-बारी उसमें गये। इससे सुब्बैया टाइप कर सका और 'यंग इंडिया ' के लेख टाइप करके भेजे जा सके। इस प्रकार यात्रा करनेसे लगभग पचास रुपये बच गये और मुझे जो अतिरिक्त शान्ति मिली, सो अलग। मैंने देखा है कि मेरा फिरसे तीसरे दर्जे में यात्रा करना लोगोंको भी पसन्द आया है ।

बापूके आशीर्वाद

गुजराती (जी० एन० ५३८३) की फोटो - नकलसे ।

६. पत्र : गंगाबहन वैद्यको

मौनवार, ४ फरवरी १९२९

चि० गंगाबहन,

काकूके कपड़ोंके सम्बन्धमें, तुमसे जो दो बातें कही थीं, उन्हें भली तरह याद रखना ।

बहुत ज्यादा काम करनेका लोभ छोड़ दो। तुम्हें कमसे कम चार घंटे रसोई के बाहर रहना ही चाहिए। दूसरी मदद करनेवाली बहनोंके लिए वस्तुओंकी सूची

बना लो। इसके बाद कुछ खो जाये या बिगड़ जाये तो चिन्ताकी बात नहीं है ।

  1. १. छगनलाल जोशीकी पुत्री तथा पुत्र ।
  2. २. आचार्य कृपलानी ।
  3. ३. गांधीजीके सचिव ।