कभी दूध छोड़ दिया करो। कभी-कभी केवल रसवाले फल लिया करो। ऐसा करनेसे सम्भव है तुम बुखारसे बची रह सको।
मुझे उम्मीद है कि मैं यहाँ एक लाख रुपयेके लगभग इकट्ठा कर लूंगा। व्यापारकी मन्दीके इस जमाने में इतना रुपया दे देना बर्माके लिए कम नहीं होगा। मुझे कई बार ऐसा लगा है कि तुम इस तरहके दौरेमें साथ होतीं तो अच्छा होता। लेकिन मैं यह भी जानता हूँ कि जो काम तुम कर रही हो, वह इससे कहीं अधिक महत्त्वपूर्ण है। अगर भगवान तुम्हें तन्दुरुस्ती देगा, तो तुम खुद इन स्थानोंका सफर करोगी और उस समय तुम्हारी तैयारी अधिक अच्छी होगी। जो तालीम और अनुभव तुम प्राप्त कर रही हो, वे मेरे चल बसनेके बाद अमूल्य साबित होंगे।
नरम तकुओंके बारेमें तुमने जो लिखा है, उसे मैंने लक्ष्मीदासके पास भेज दिया है। तुम्हारी दलील मुझे जरूर जँचती है। मगर मेरे मनमें हमेशा प्रश्न उठता है कि फिर मगनलालने, जिसने नरम तकुओंसे काम शुरू किया था, सख्त तकुओंका आश्रय क्यों लिया? जो बात तुम्हारे ध्यानमें आई, वह लक्ष्मीदासके ध्यानमें क्यों नहीं आई? लेकिन बेशक, इन कारणोंसे तुम्हारी खोजकी उपेक्षा नहीं की जा सकती। इनसे तो केवल अत्यधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता ही सिद्ध होती है।
मैंने आश्रम में स्त्रियोंको रखनेके बारेमें भी तुम्हारे कथनको ध्यानमें रख लिया है। इन सब मामलोंमें तुम जितना धीरे-धीरे चलना चाहो, चलो। और जिस चीजके बारेमें तुम्हें खुद विश्वास न हो या शंका भी हो, उसको करनेकी हरगिज कोशिश मत करना। 'धीरे परन्तु निश्चयके साथ चलनेसे ही जीत होती है।'
एन्ड्रयूज अभीतक अमेरिकामें हैं।ग्रेगने मुझे लिखा है कि उनका हाल अच्छा है। जीमंडके पत्रका एक अनुच्छेद तुम 'यंग इंडिया' में देखोगी।[१] मैकमिलन कम्पनीके लिए 'ए०' [२]'आत्मकथा' का संक्षिप्त संस्करण तैयार करनेवाले हैं।
बापू
अंग्रेजी (जी० एन० ९४०७) से; तथा सी० डब्ल्यू० ५३५१ से भी। सौजन्य: मीराबहन