मालूम होता है कि मेरी खुराक, तीसरे दर्जेका सफर और सतत कार्य व्यस्ततासे मेरा स्वास्थ्य बढ़ रहा है। मुझे खुद आश्चर्य है कि अभीतक मेरा शरीर टूट क्यों नहीं गया। अलबत्ता, मैं बीच-बीच में खूब आराम ले लेता हूँ और जब जीमें आये तभी नींद ले लेनेकी मेरी क्षमता मुझे बचा रही है। सच तो यह है कि जबतक ईश्वर मेरे शरीरकी रक्षा करना चाहता है, तबतक वह मुझे बचाता है। जिस क्षण उसको जरूरत पूरी हो जायेगी, उस क्षण मेरी कोई सावधानी मुझे नहीं बचा सकेगी।
हाँ, नक्शेमें बैजवाड़ा देख लेना। पाँच-छः जिलोंका दौरा करना है।
बापू
सौजन्य : मीराबहन
१९६. पत्र: आश्रमकी बहनोंको
मौनवार, ८ अप्रैल, १९२९
उद्योग मन्दिरमें हुई घटनाओंकी याद भुलाई ही नहीं जाती। सारी घटनाओंमें हिम्मतकी कमी देखता हूँ। जहाँ हिम्मत नहीं वहाँ सत्य हो ही नहीं सकता। भूल करनेमें तो पाप है ही, परन्तु उसे छिपानेमें उससे भी बड़ा पाप है। शुद्ध हृदयसे जो अपने-आप भूल कबूल कर लेता है, उसका पाप धुल जाता है और वह सीधे रास्ते लग सकता है। जो झूठी शर्म रखकर भूलको छिपाता है, वह गहरे गड्ढेमें गिरता है, यह हमने तमाम मामलोंमें देख लिया है। इसलिए मैं तो बहनोंसे यही माँगता हूँ कि तुम झूठी शर्मसे बचना। जाने या अनजाने बुरा हो जाये, तो फौरन जाहिर कर देना और दुबारा ऐसा न करनेका निश्चय कर लेना।
बापूके आशीर्वाद
बापुना पत्रो-१: आश्रमनी बहेनोने