१. वक्तव्य : सिन्ध कांग्रेसके मामलोंके बारेमें[१]
[१५ फरवरी १९२९ या उसके पश्चात्][२]
इस महीनेकी १५ तारीखको मीरपुर-खासमें सिन्ध प्रान्तीय कांग्रेस कमेटीके सदस्योंकी एक अनौपचारिक बैठक पार्टीके विभिन्न आपसी मामलोंपर विचार करनेके लिए हुई थी, जिसमें मैं भी बुलाया गया था। यह सभा मूलतः मणिलाल कोठारी द्वारा उन कुछ विवादोंके सिलसिलेमें बुलाई गई थी जो उन्हें प्रान्तीय कांग्रेस कमेटीकी दोनों शाखाओंने निपटानेके लिए सौंपे थे और इसमें कार्यकारिणीका चुनाव भी होना था। लेकिन दलोंके बीच तनावको देखते हुए मैंने सदस्योंको सलाह दी है कि वे आपसी सहमतिसे स्वामी गोविन्दानन्दको अध्यक्ष चुन लें। स्वामी गोविन्दानन्दने निम्नलिखित व्यक्तियोंको प्रान्तीय कार्यकारिणीके सदस्यों और निम्नलिखित व्यक्तियोंको अ॰ भा॰ कां॰ कमेटीके सदस्योंके रूपमें मनोनीत किया है।[३]
मैं इस बातसे अवगत हूँ कि अध्यक्ष-पद तथा कार्यकारिणीके लिए भी मनोनीत व्यक्तियोंके बारेमें काफी तीव्र मतभेद हैं। लेकिन मुझे विश्वास है कि उक्त व्यवस्थाको ईमानदारीसे काम करनेका अवसर देनेसे ही सिन्धके हितोंको सबसे अच्छे ढंगसे साधा जा सकता है; जो लोग असन्तुष्ट हैं वे चुपचाप बैठें और प्रान्तीय कमेटीके काममें अड़ंगा न लगायें। मैंने सलाह दी है और सभी सम्बन्धित पक्ष इससे सहमत हैं कि दोनों गुटोंका जिन अखबारोंपर नियन्त्रण है या जिनपर उनका प्रभाव है उनमें वे अपने विरोधियोंका वैयक्तिक रूपसे कोई उल्लेख या टिप्पणी नहीं करेंगे; और यह भी कि दोनों गुटोंको एक-दूसरेके कार्यमें प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष हस्तक्षेपके बिना कार्य करने दिया जायेगा। चूँकि कई सदस्य अनुपस्थित थे, और चूँकि स्वामी गोविन्दानन्दका कहना था कि यह बैठक अनौपचारिक रहनी चाहिए, इसलिए चुनाव नहीं किये गये।
अंग्रेजी (एस॰ एन॰ १५३४१) की फोटो-नकलसे।