सामग्री पर जाएँ

पृष्ठ:सम्पूर्ण गाँधी वांग्मय Sampurna Gandhi, vol. 40.pdf/३४६

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
३१६
सम्पूर्ण गांधी वाङ्मय

प्रयत्न करे । भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेसने यह प्रस्ताव पास किया है कि जहाँ कहीं भी शराबका बोलबाला है वहाँ उसे उखाड़ फेंकनेके लिए जनताको गम्भीर कदम उठाने चाहिए; और इसके लिए भारतके एक छोरसे दूसरे छोर -- हिमालयसे कन्या- कुमारी -- तकके लोगोंको, जिनमें मुसलमान, हिन्दू, पारसी तथा दूसरे सम्प्रदायके लोग भी शामिल हैं, एक हो जाना चाहिए। हिन्दुओं में भी बहुत-से समुदायोंको मैं आपस में लड़ते देखता हूँ और अगर हम इन सारी मौजूदा बुराइयोंको दूर करना चाहते हैं तो हमें हर हालत में एक हो जाना चाहिए ।

अपने एक अभिनन्दनपत्रमें आपने हिन्दी भाषाका जिक्र किया है और कहा है कि इस सम्बन्ध में अधिक व्यापक पैमानेपर प्रचार किया जाना चाहिए। इस बातसे मैं बिलकुल सहमत हूँ। मैंने पूरे देशका दौरा किया है और इस निष्कर्षपर पहुँचा हूँ कि अगर हम सभी हिन्दी सीख लें तो हम स्वराज्यके एक कदम और निकट आ जायेंगे। मैंने पूरे आन्ध्र देशका दौरा किया है, और ईश्वरकी कृपासे, अंग्रेजीमें भाषण देनेके बजाय मैं हिन्दी में बोलता रहा हूँ। गाँवों में अगर मैं अंग्रेजीमें बोलूं तो वहाँ मेरी बात कोई नहीं समझ सकता । हिन्दीमें बहुतसे ऐसे शब्द हैं जो तेलुगु भाषामें बोले जाते हैं और जिन्हें आप आसानीसे समझ सकते हैं । और इसीलिए आपको अपने स्कूलों में हिन्दीकी शिक्षाको प्रधानता देनी है । मैं आपसे तेलुगुकी उपेक्षा करनेको नहीं कहता, बल्कि मैं तो कहता हूँ कि आप हिन्दीके लिए काम करें, क्योंकि आन्ध्र देश में हिन्दी-प्रचार भारतके लिए स्वराज्य-प्राप्तिका एक साधन है ।

अब असली बातपर आइए । मैं अब कुछ बनियेवाला काम करना चाहता हूँ । जहाँ-जहाँ मैं दौरा करता रहा हूँ, मैं अपना बनियेका धन्धा भूला नहीं हूँ । आप मुझे कितना भी ज्यादा धन दे दीजिए, फिर भी दरिद्रनारायणको आप आसानीसे सन्तुष्ट नहीं कर सकेंगे, क्योंकि देशके ३० करोड़ लोगोंमें से दस करोड़से भी अधिक लोगोंको दिनमें एक जून खाना भी नसीब नहीं होता है । आप एक संन्यासीसे, जो उन भूखे लोगोंकी ओरसे भीख माँग रहा है, यह उम्मीद नहीं कर सकते कि वह आसानीसे अपनी भूख शान्त कर लेगा । आपने बताया है कि विजगापट्टम एक गरीब जिला है । आप यह भी कहते हैं कि आपके जिलेमें बहुत-से जमींदार हैं । तब तो मैं एक 'बनिया' होने के नाते उनके धन में हिस्सा लेनेका अधिकारी हूँ। अगर मैं इन सोनेके जेवरोंको जो इस बंगाली बहनने मुझे दिये हैं इन जमींदारोंको नहीं बेचूंगा तो फिर और किसे बेचूंगा ?

अपने अभिनन्दनपत्र आपने खूबसूरत और मोहक हाथी-दाँतकी पेटियोंमें भेंट किये हैं। मैं इन आकर्षक वस्तुओंको अपने पास रखनेका अधिकारी नहीं हूँ और मेरे पास उन्हें रखने के लिए जगह भी नहीं है । ये वस्तुएँ तो धनवानोंके घरोंमें रखी जानी चाहिए। इसलिए मेरी विनती है कि जिन लोगोंने पहले खादी-कोषमें कुछ नहीं दिया है वे इन वस्तुओंका उचित मूल्य देकर इन्हें पुनः वापस ले लें । आपने मुझे कुछ खादीकी चीजें भी भेंट की हैं जिन्हें मैं अब नोलामीके लिए रख रहा हूँ । एक बंगाली बह्नने मुझे सोनेके दो कीमती कंगन दिये हैं; क्या आन्ध्रको कोई बहन