‘नवजीवनका पाठक’ से
आपके पत्र में उत्तर देने लायक तो बहुत कुछ है किन्तु मैं बेनाम पत्रोंका उत्तर देकर इस प्रवृत्तिको प्रोत्साहन नहीं देना चाहता। आप यदि अपना नाम-धाम लिख भेजें तो मैं उत्तर देनेका प्रयत्न करूँगा।
एक काठियावाड़ी युवकसे
यदि आपने प्रश्न मनमें द्वेषभाव रखकर न किये हों तो ऐसे प्रश्नोंको करनेमें कोई दोष नहीं है। किन्तु प्रश्न दोषपूर्ण हों या निर्दोष, अपना नाम जाहिर न करनेकी यह भीरुता क्यों? आप अपना नाम छिपाकर खुद अपना या काठियावाड़का नाम रौशन नहीं करते। जिनमें इतनी भी हिम्मत नहीं है कि कोई बात कहकर अपना नाम प्रकट कर सकें वे कोई सेवा नहीं कर सकते, स्वराज्यकी लड़ाईमें भाग लेनेकी तो बात ही क्या?
- [गुजरातीसे]
- नवजीवन, ११-८-१९२९
२१७. क्या राम रक्तपातके दोषी थे?
जिन्हें खादी जहर-सी लगती है, उन्हीं भाईका एक और सवाल यों है[१]:
मेरा दृढ़ विश्वास है कि अहिंसात्मक निर्बलोंका ही नहीं, असहयोग बलवानों का भी खास बल है। यह सर्वव्यापी सिद्धान्त है। जाने अनजाने हम रात-दिन उसपर अमल करते रहते हैं। आज जो इतिहास मिलता है, उसमें राजाओंकी लड़ाईको ही अधिक महत्व दिया गया है। लोगों का― प्रजाका―इतिहास भविष्य में लिखा जायेगा। जब वह इतिहास लिखा जायेगा, तब हम देखेंगे कि उसके पन्ने-पन्नेमें अहिंसात्मक असहयोग भरा पड़ा है। जब स्त्री दुष्ट पतिके आगे नहीं झुकती, तब वह उससे अहिंसात्मक असहयोग करती है। ‘क्वेकर,[२]’ लोगोंका इतिहास अहिंसात्मक असहयोग का जगमगाता उदाहरण है। भारत में वैष्णवोंका इतिहास भी इसी सिद्धान्तकी पुष्टि करता है। जो काम ये लोग कर सकते हैं, सारी दुनिया उसे कर सकती है।
- ↑ देखिए “ज़हरकी तरह कड़वी”, ११-८-१९२९। पत्र यहाँ नहीं दिया जा रहा है। पत्र-लेखकका कहना था कि निशस्त्र और निर्बल होनेके कारण ही अहिंसक असहयोग भारतीयोंके लिए उपयुक्त हो सकता है; नहीं तो रामने भी रावणसे युद्ध करके रक्तपात किया था और जीते-जी एक बिल्ली भी अपने बच्चेको कुत्तेके मुँहसे छीननेके लिए लड़ती ही रहती है। सभी तैंतीस करोड़ भारतीयोंका अहिंसा में विश्वास नहीं हो सकता।
- ↑ १७ वीं शताब्दीमें स्थापित एक खिस्ती-सेवक-सम्प्रदाय। इसके मतावलम्बी अपनी धार्मिकता, सादगी और प्रामाणिक व्यवहारके लिए प्रसिद्ध है।