वसूल हुआ है तो उससे सरकारका कोई नुकसान नहीं होता । किन्तु इसमें उसकी शान, 'प्रेस्टीज' आड़े आती है। दूसरी बात है भविष्यकी । कुछ गाँवोंको लेकर सत्याग्रह नहीं किया जा सकता; किन्तु यदि भविष्य में होनेवाले लाभसे बारडोली और चौरासी वंचित रखे जाते हैं, तब तो सत्याग्रह किये बिना काम नहीं चल सकता । ऐसे समय सत्याग्रह अनिवार्य हो जाता है। इसलिए सरदारने सरकारसे विनयपूर्वक किन्तु दृढ़ता से कह दिया है कि आगामी कानून यदि लाभदायक बनते हैं और उनका लाभ बारडोली तथा चौरासीको नहीं मिलता तो सत्याग्रह करना ही पड़ेगा ।
बारडोली इलाके के गाँवोंके बारेमें एक कानूनी गुंजाइश है । सरदार उसे काममें नहीं लाना चाहते । किन्तु यदि वे उसका उपयोग करना चाहें तो शायद उन गाँवोंको राहत मिल जाये । यदि इस गुंजाइशका उपयोग किया गया तो बात दूसरी है; नहीं तो वे गाँव इस अन्यायको सहन करनेके लिए तैयार रहें और यदि भविष्यमें आवश्यक हो जाये तो बारडोली सत्याग्रहके लिए तैयार रहें। उक्त भविष्य कब वर्तमान हो जायेगा, सो कोई नहीं कह सकता । सरकारने जिन कानूनोंको बनानेका वचन दिया था वे तो बरसोंसे अधर में लटके हैं। किन्तु बारडोलीको अपना मूल ऋण तो अभी चुकाना ही है । यदि वह उसे चुकानेके लिए तैयार हो जाये तो भविष्यमें आंशिक सत्याग्रहकी बात तक करना जरूरी न रहे ।
दूसरा मन्दिर खुला
श्री जमनालालजीके प्रयत्नसे वर्धाका मशहूर श्री लक्ष्मीनारायण मन्दिर अछूत भाई-बहनोंके लिए खोला गया था । अब उन्हींके प्रयत्नसे बरार प्रान्तके इलिचपुर शहरका दत्तात्रेय मन्दिर भी खोल दिया गया है । इलिचपुर किसी समय बरारकी राजधानी था। आज भी उसकी आबादी ३८,००० है । गत पहली जुलाईको सार्वजनिक सभाके बाद मन्दिर अछूत भाइयोंके लिए खोला गया । अमरावतीके डाक्टर पटवर्धन सभापति थे । मन्दिरको खोलनेका काम जमनालालजीके हाथों हुआ। यह मन्दिर पन्द्रह वर्ष हुए, ८३,००० रुपयोंकी लागत से बनाया गया था । मन्दिरकी व्यवस्थाका भार चौबीस सज्जनोंकी एक समितिके जिम्मे है । इनमें से अठारहके बहुमत से यह मन्दिर अछूतोंके लिए खोल देनेका निश्चय हुआ है । मन्दिरके पाँच संरक्षक भी हैं । पाँचों संरक्षक मन्दिर खोल देनेके बारेमें एकमत थे । मन्दिरके दरवाजे पर इस आशयकी एक तख्ती लगा दी गई है :
" आजसे यह मन्दिर भंगो, महार, चमार, वगैरा तमाम हिन्दुओंके दर्शन, भजन, पूजन, प्रार्थना, कथा-श्रवण इत्यादि धार्मिक कामोंके लिए खुला रहेगा ।"
यह मन्दिर स्वामी विमलानन्दके प्रयत्नसे बना था । स्वामीजी भी इस शुभ- कार्यके अवसरपर उपस्थित थे । मन्दिर खोलते समय जमनालालजीने लगभग पचास अन्त्यज भाई-बहनोंके साथ मन्दिरमें प्रवेश किया था । इस अवसर पर जमनालालजी और वर्धा सत्याग्रह आश्रमके श्री विनोबा भावेने खास तौर पर भाषण किये थे ।
इस कार्यके लिए मैं इलिचपुरके निवासियों, मन्दिरके संरक्षकों और जमनालालजी को धन्यवाद देता हूँ । अछूत भाइयोंने उस दिन जिस आनन्दोल्लासका अनुभव किया