यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
१७. विदेशी वस्त्र–बहिष्कार
श्रीयुत जयरामदासने सभी जिला कांग्रेस कमेटियोंको बहिष्कारसे सम्बन्धित उनके कर्त्तव्योंके बारेमें एक खुला पत्र भेजा है। अमलसे सम्बन्धित इस पत्रके अंश नीचे दिये जा रहे हैं :
- विदेशी वस्त्र बहिष्कार समितिने अपनी २४ मईकी बैठकमें जो नया कार्यक्रम तैयार किया है, उसका पूरा पाठ नीचे दिया जा रहा है। मेरा अनुरोध है कि इस कार्यक्रमको आप अपनी कार्य समितिकी आपत्कालीन बैठकमें प्रस्तुत करें और इस कार्यक्रमको विभिन्न मदोंको देखते हुए उनके आधारपर अपने क्षेत्रके लिए अपनी कार्यनीति स्वयं निश्चित करें। इसका कोई कारण दिखाई नहीं पड़ता कि बम्बईमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटीकी हाल ही की बैठक में कांग्रेस के सदस्य बनानेका जो कार्यक्रम स्वीकार किया गया है वह विदेशी वस्त्रों के बहिष्कारके इस नये कार्यक्रमके आड़े आये। बल्कि जब आपके कांग्रेसका सदस्य बनाने जायेंगे तब सदस्यता अभियान चलाते हुए विदेशी वस्त्र बहिष्कारका सन्देश हजारों लोगों तक ले जाना और भी आसान हो जायेगा। लोगोंको सदस्य बनाने के पहले उनको कांग्रेसका सन्देश तो समझाना ही होगा और उसमें विदेशी वस्त्रोंके बहिष्कारकी बात भी आ जाती है। मुझे आशा है। कि पिछले पाँच महीनोंमें विदेशी वस्त्रोंके बहिष्कारका जितना काम आप कर पाये हैं, अगले चार महीनों में उससे अधिक अच्छा काम करके दिखा सकेंगे।
विदेशी वस्त्र बहिष्कार प्रस्ताव
- (क) कार्य समिति द्वारा निर्धारित विदेशी वस्त्र बहिष्कार कार्यक्रमको सफल बनाने में लोगोंने पिछले तीन महीनों में जो पहल की है, विदेशी वस्त्र बहिष्कार समिति उससे अवगत हुई। समिति सभी कांग्रेस कमेटियों तथा बहिष्कार आन्दोलन में सहयोग करनेवाले अन्य सभी संगठनोंसे अनुरोध करती है कि वर्षके शेष महीनोंमें वे उस कार्यक्रमपर मुस्तैदीसे अमल करें।
- (ख) समितिका सुझाव है कि उपर्युक्त कार्यक्रमके अनुसार नीचे लिखी बातोंपर पूरा जोर लगानेके लिए संगठित प्रयत्न किये जायें:—
- १. बड़े-बड़े शहरोंके बाहर दौरे करने के लिए प्रचार-टोलियोंका संगठन;
- २. लोगों को विदेशी वस्त्र बहिष्कार के समर्थक बनाने के लिए घर-घर जानेका प्रबन्ध करना;
- ३. जहाँ घर-घर जाकर प्रचार करना सम्भव न हो, वहाँ जनसभाएँ करना;