जांच–परिणामों के साथ मिलान किया जा सकेगा। आप देखेंगे कि मैंने सभी ताल्लुकों में जांच–पड़ताल की है जिनमें प्रत्येक ताल्लुके के अनगिनत गांव शामिल हैं। मुझे इन सभी गांवों में पूरा लगान मुल्तवी करवाने की मांग करने में कोई झिझक नहीं है सिवा कुछ... मामलों में पहली किस्त अदा की जा चुकी है। यहां इस प्रसंग में मैं इस बात की ओर ध्यान दिलाना चाहता हूं कि कुछ गांवों में यद्यपि आधा लगान मुल्तवी करने के आदेश जारी किये गये थे, मगर छोटे भूमिधारियों से दोनों किस्तें वसूल की गई थीं। अतः मेरा सुझाव है कि जिन गांवों से पहली किस्त प्राप्त हो चुकी है वहां दूसरी किस्त मुल्तवी करने के आदेश दिये जायें। यद्यपि आपको लगान वसूली मुल्तवी करने के लिए १२ आने तक फसल नष्ट होने के अलावा अन्य किसी कारण पर विचार करने से प्रतिरुद्ध किया जा सकता है मगर मैं सरकार को इस तथ्य पर गौर करने का सुझाव दूंगा कि जिले की जनता सम्भवत: प्लेग से सबसे ज्यादा पीड़ित है और वहां प्लेग का प्रकोप जोरों पर है जिसके कारण बहुत से घरों के अधिकांश लोग मर चुके हैं और कई लोगों को अपने घर–बार छोड़कर काफी लागत से बनाये कच्चे घास–फूंस के मकानों में जाना पड़ा है। मेरी विनम्र राय में ऊंची कीमतों के बारे में आपका तर्क जनता के साथ न्याय नहीं करता। पिछला वर्ष किसानों के लिए बहुत खराब रहा, यह हम दोनों के लिए चिन्ता का विषय है। निश्चय ही उनके पास बेचने के लिए अधिक अनाज नहीं था। अतः उन्हें ऊंची कीमतों का लाभ बहुत कम अथवा बिलकुल नहीं प्राप्त हुआ है, बल्कि इससे उन्हें भारी नुकसान ही उठाना पड़ा है, क्योंकि उन्हें भोजन और वस्त्र खरीदने पड़े हैं। अतः प्रत्येक बात पर विचार करने के बाद चाहे पूरा लगान मुल्तवी न भी किया जाये मगर मुझे आशा है कि सरकार हर एक का कम–से–कम आधा लगान मुल्तवी कर देगी। यदि ये आदेश जारी कर दिये जाते हैं तो मैं पहली किस्त की जो अदायगी अब तक रोक ली गई है उसे गांववालों से बिना जोर–जबरदस्ती के अदा करवाने की भरसक कोशिश करूंगा।
दसक्रोई गांवों का मामला फिर भी शेष रहता है। इसमें सन्देह नहीं किया जा सकता कि बाढ़ ने उन गांवों की फसलों को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है और स्थानीय आपत्ति धारा के मातहत वे राहत प्राप्त करने के हकदार हैं। आपने मुझसे कहा था कि जहां काश्तकारों ने रबी की फसल बोई है, वहां आप लगान–वसूली मुल्तवी नहीं करना चाहते। मैंने भेंट के समय आपसे जो निवेदन किया था उसी को पुनः दुहरा रहा हूं कि जिन लोगों ने रबी की पैदावार प्राप्त की है उन्हें यदि आप लगान वसूली मुल्तवी करने के आदेश से अलग करते हैं तो आप कृषि–उद्योग के लिए ही सजा देंगे। उन्होंने मुझे बताया है और मुझे उनके इस कथन पर विश्वास है कि जिन्होंने रबी की फसल लगाई हैं उन्हें ही वास्तव में मूल लागत आई है अतः उन लोगों की हालत उनसे भी बदतर है जिन्होंने रबी की फसल बोई ही नहीं। मैंने रबी की फसल का मुआयना किया है और मुझे यह कहने में कोई झिझक नहीं है कि यद्यपि हरियाली–भरे भूखण्ड आंखों को बड़े लुभावने लगते हैं। मगर नजदीक से देखने पर मालूम होता है कि फसल में बीमारी लग चुकी है और पैदावार बहुत कम होगी। बहरहाल, मैं समझता हूं कि आप यह स्वीकार करेंगे कि एक सीमित क्षेत्र में ही