सामग्री पर जाएँ

पृष्ठ:सम्पूर्ण गाँधी वांग्मय Sampurna Gandhi, vol. 91.pdf/५२

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।

सम्पूर्ण गांधी वाङ्‌मय

 

२३ अगस्त, बृहस्पतिवार

लोगों ने आकर चन्दा दिया। एस्क्यू ने रविवार का दिन उनके साथ व्यतीत करने का निमन्त्रण भेजा।

२४ अगस्त, शुक्रवार

अब्दुल्ला की ओर से कुछ पत्र लिखे। मताधिकार के बारे में कॉमन्स सभा में प्रश्न उठा। रफ़ का पत्र मिला।

२५ अगस्त, शनिवार

कल एस्क्यू से मिला। कल रात पॉल ने मेरे साथ भोजन किया। जीवन और उसकी उपयोगिता के बारे में उनके साथ अत्यन्त गम्भीर वार्ता हुई। हार्वी ऐंड ग्रीनेकर से एक सूट खरीदा। डा॰ स्ट्राउड को शाकाहार के बारे में पत्र लिखा।

२६ अगस्त, रविवार

दादा सेठ ने मेरे साथ नाश्ता किया। सारा दिन एस्क्यू के साथ व्यतीत किया। उनके श्वसुर श्री वाट्सन के साथ मेरा परिचय करवाया गया। वे अत्यन्त भले आदमी हैं। उनके साथ बेजलियन चर्च गया। श्रीमती एस्क्यू अत्यन्त भली महिला हैं। शाकाहार के बारे में लम्बी बातचीत हुई। शाम को एस्क्यू ने वेस्ट स्ट्रीट के एक वेजलियन चर्च में भाषण दिया। रैमज़े का पत्र मिला।

२७ अगस्त, सोमवार

प्रागजी भीमभाई के नाम से साझेदारी का मसौदा तैयार किया। सुप्रीम कोर्ट के नियम पढ़े तथा दादा साहब के लेख भी। कोक्स ने मुझे कल रात्रि के भोजन के लिए निमन्त्रण दिया।

२८ अगस्त, मंगलवार

एस्क्यू मुझसे मिले। मैंने उन्हें मंगलवार की रात खाने पर बुलाया। एस्कम से लिखकर पूछा कि मेरे आवेदनपत्र पर कार्यवाही करने के लिए कौन-सा दिन उनके लिए अनुकूल होगा। हुसैन इब्राहिम को पत्र लिखा।

२९ अगस्त, बुधवार

के॰ एस॰ पिल्लै के लिए साझेदारी का मसौदा तैयार किया। पिछली बैठक का विवरण समाप्त किया। कल रात कोक्स के साथ भोजन किया। उन्होंने अपने कुछ मित्रों के साथ परिचय कराया।

३० अगस्त, बृहस्पतिवार

हुसैन इब्राहिम का पत्र तथा उसके साथ दादा अब्दुल्ला एंड कम्पनी के नाम १० पौंड का चैक मिला। पिचर की ओर से कोक्स के नाम पत्र में लिखा था कि वह एस्कम से नहीं मिल सके तथा नेटाल कानून संघ विरोध करने वाला है। हुसैन इब्राहिम को पत्र लिखकर और १० पौंड तथा फीस भेजने के लिए कहा। रफ़ को पत्र लिखा। डे॰ हॉटमैन मुझसे मिले। कांग्रेस की बैठक हुई।

१२