पृष्ठ:हिंदी साहित्य का इतिहास-रामचंद्र शुक्ल.pdf/२४५

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ प्रमाणित है।
२२२
हिंदी-साहित्य का इतिहास

चिबुक-कृप में मन परयो छवि-जल तृषा विचारि।
कढति मुबारक ताहि तिय अलक-टोरि सी ढारी॥
चिबुक कृप रसरी-अलक, तिल सु चरस, दृग बैल।
बारी बैस सिंगार को, सींचत मनमथ-छैल॥


(फुटकल से)

कनक-बरन वाल, नगन-लसत भाल,
मोतिन के माल उर सोहैं भली भाँति है।
चंदन चढाय चारु चंद्रमुखी मोहनी सी,
प्रात ही अन्हाय पग धारे मुसकाति है॥
चुनरी विचित्र स्याम सजि कै मुबारकजू,
ढाँकि नखसिख तें निपट सकुचानि है।
चंद्रमै लपेटि कै, समेटि कै नखत मानो,
दिन को प्रनाम किए राति चली जाति है॥

(१८) बनारसीदास––ये जौनपुर के रहने वाले एक जैन जौहरी थे जो आमेर में भी रहा करते थे। इनके पिता का नाम खड़गसेन था। ये संवत् १६४३ में उत्पन्न हुए थे। इन्होंने संवत् १६९८ तक का अपना जीवनवृत्त अर्द्धकथानक नामक ग्रंथ में दिया है। पुराने हिंदी-साहित्य में यही एक आत्म-चरित मिलता है, इससे इसका महत्त्व बहुत अधिक है। इस ग्रंथ से पता चलता है कि युवावस्था में इनका आचरण अच्छा न था और इन्हें कुष्ठ रोग भी हो गया था। पर पीछे ये सँभल गए। ये पहले शृंगाररस की कविता किया करते थे पर पीछे ज्ञान हो जाने पर इन्होंने वे सब कविताएँ गोमती नदी में फेंक दीं और ज्ञानोपदेशपूर्ण कविताएँ करने लगे। कुछ उपदेश इनके ब्रजभाषा-गद्य में भी हैं। इन्होंने जैनधर्म-संबंधी अनेक पुस्तको के सारांश हिंदी में कहे है। अब तक इनकी बनाई इतनी पुस्तकों का पता चला है––

बनारसी-बिलास (फुटकल कवित्तों का संग्रह), नाटक-समयसार (कुंद-कंदाचार्यकृत ग्रंथ का सार), नाममाला (कोश); अर्द्धकथानक, बनारसी––