पृष्ठ:सम्पूर्ण गाँधी वांग्मय Sampurna Gandhi, vol. 31.pdf/३७७

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
३४१
बाल-विवाहका अभिशाप

 

जिनका सूत बाकी है वे सज्जन सावधान हो जायें। यदि वे न जगे और उन्होंने अपना सूत नहीं भेजा तो सालके आखिरमें उनका नाम सदस्योंकी सूचीमें नहीं रहेगा। कानूनी कर्जेकी बनिस्बत इस धर्मऋणकी अदायगी कहीं अधिक जरूरी होती और चरखा संघका यह चन्दा राष्ट्रके प्रति धर्म-ऋण ही है।

[ अंग्रेजीसे ]
यंग इंडिया, २६-८-१९२६

३५५. बाल-विवाहका अभिशाप

श्रीमती मारग्रेट ई० कजिन्सने मेरे पास एक दुर्घटनाका समाचार भेजा है। ऐसा मालूम पड़ता है कि यह दुर्घटना बाल-विवाहके कारण अभी हालमें मद्रासमें हुई है। विवाहके समय 'वर' की आयु २६ वर्षकी तथा कन्याकी १३ वर्षकी थी। ये दोनों मुश्किलसे १३ दिन ही साथ रहे होंगे कि लड़की जीवित जल गई और मर गई। जूरीने फैसला दिया कि उसने अपने कथित पतिके असह्य और निर्दय बलात्कारके कारण आत्महत्या की है। लड़कीके मरते समयके बयानसे मालूम होता है कि उसके 'पति' ने उसके कपड़ोंमें आग लगा दी थी। कामान्ध मनुष्यमें विवेक और दया नहीं रहती।

परन्तु हमें यहाँ इस बातका सरोकार नहीं कि लड़की कैसे मरी। फिर भी इससे तो कोई इनकार नहीं कर सकता है कि :

(१) लड़कीका विवाह केवल १३ वर्षकी आयुमें कर दिया गया था,
(२) उसमें कामेच्छा बिल्कुल नहीं थी, यह 'पति' की कामचेष्टाके उसके विरोधसे प्रकट है,
(३) 'पति' ने उसके साथ जबरदस्ती जरूर की थी, और
(४) लड़की अब इस संसारमें नहीं रही है।

एक पाशविक प्रथाकी धर्मसे पुष्टि करना धर्म नहीं, अधर्म है। स्मृतियोंमें परस्पर विरोधी वाक्य भरे पड़े हैं। इन विरोधोंसे तो इत्मीनानके काबिल यही एक नतीजा निकल सकता है कि उन वाक्योंको, जो प्रचलित और सर्वमान्य नीतिके और खासकर स्मृतियों में ही लिखित आदेशोंके विपरीत हैं, क्षेपक समझकर छोड़ दिया जाये। एक ही पुरुष, एक ही समयमें आत्मसंयमका उपदेश देनेवाले और पशुवृत्तिको उत्तेजित करनेवाले श्लोक नहीं लिख सकता। जिसे आत्मसंयमसे कुछ भी सरोकार न हो और जो पापमें डूबा हो, वही यह कह सकता है कि कन्याके रजस्वला होनेके पूर्व ही उसका विवाह कर देना चाहिए और ऐसा न करना पाप है। मानना तो यह चाहिए कि रजस्वला होनेके बाद भी कई बरसोंतक लड़की का विवाह करना पाप है। उसके पहले तो विवाहका खयाल भी नहीं किया जा सकता। किन्तु लड़की रजस्वला होते ही सन्तान उत्पन्न करनेके योग्य नहीं हो जाती, ऐसे ही जैसे लड़का मसें भीगते ही सन्तान उत्पन्न करने योग्य नहीं हो जाता।