अंतर्राष्ट्रीय ज्ञानकोश/अलबानिया

विकिस्रोत से
अन्तर्राष्ट्रीय ज्ञानकोश  (1943) 
द्वारा रामनारायण यादवेंदु

[ ३३ ] अलबानिया--यह इटली के पूर्व में स्थित एक देश है। इसकी जनसंख्या १०,००,००० और क्षेत्रफल १०,६०० वर्गमील है। पहले यह तुर्क साम्राज्य के अधीन था। सन् १९१३ में यह देश स्वाधीन होगया। सन् १९२५ में अहमद जोरा इस देश का राष्ट्रपति हुआ और सन् १९२८ में वह

इस देश का राजा बन बैठा। उसने देश में काफी सुधार किये। इटली के साथ उसका सहयोग रहा। अप्रैल १९३९ में इटली की सेनाओं ने सहसा अलबानिया पर आक्रमण कर दिया। उसका राजा भाग गया और मुसोलिनी ने उसे अपने साम्राज्य में मिला लिया। यद्यपि

यह देश निर्धन है तथापि सामरिक दृष्टि से इसका अधिक महत्व है। इसकी ७१ प्रतिशत जनसंख्या मुसलमान है। २८ अक्टूबर १९४० को इटली की सेनाओं ने अलबानिया में होकर यूनान पर आक्रमण कर दिया। परंतु ब्रिटिश सेना की सहायता से यूनान की विजय हुई और यूनान की सेनाओं ने इटली की सेनाओं को अलबानिया से बुरी तरह भगा दिया। पॉच
[ ३४ ]
मास तक यूनानी सेनाएँ अँगरेजी सेनाओं की सहायता से वीरतापूर्वक लड़ती रही। किन्तु ६ अप्रेल १९४१ को जर्मनी ने यूनान तथा यूगोस्लाविया पर आक्रमण कर दिया। यूनानी सैनिक बड़ी वीरता के साथ धुरी-राष्ट्रो की सेनाओं से लड़ते रहे। २३ अप्रेल को यूनान के सम्राट् अपने मत्रि-मण्डल के साथ एथेन्स छोड़ कर क्रीट चले गये।