अंतर्राष्ट्रीय ज्ञानकोश/आस्ट्रेलिया

विकिस्रोत से
अन्तर्राष्ट्रीय ज्ञानकोश  (1943) 
द्वारा रामनारायण यादवेंदु
[ ५२ ]आस्ट्रेलिया—यह ब्रिटिश राष्ट्र-समूह के अन्तर्गत है। क्षेत्रफल २९,७५,००० वर्गमील और जनसंख्या ६८,००,००० है। इसकी राजधानी है कैनबैरा। १ जनवरी १९०१ के कामॅन-वैल्थ ऑफ् आस्ट्रेलिया के अन्तर्गत इसे 'डोमिनियन' पद प्राप्त हुआ। आस्ट्रेलिया मे संघ-शासन-प्रणाली है। इसके अन्तर्गत ६ राज्य हैं—न्यू साउथ वेल्स विक्टोरिया, क्वीन्सलैण्ड, दक्षिणी आस्ट्रेलिया, पश्चिमी आस्ट्रेलिया और टसमानिया। ब्रिटिश सम्राट् का प्रतिनिधि गवर्नर-जनरल होता है। पार्लमेंट की दो सभाएँ हैं—प्रतिनिधि धारा-सभा (House of representatives) और व्यवस्थापिका सभा (Senate)। इनका चुनाव क्रमश: ३ और ६ वर्ष के लिए होता है। यह देश मुख्यत कृषि-प्रधान है। संसार में सबसे अधिक गेहूँ और ऊन यहाँ पैदा होता है। उद्योग में भी यहाँ काफी उन्नति हुई है। इसका व्यापार जापान, ब्रिटिन और संयुक्त-राज्य अमरीका से होता आ रहा है। यहाँ आबादी कम है, फिर भी प्रवास-संबंधी अनेक बाधाएँ हैं। बाहर के लोगों को यहाँ स्थायी रूप से नही रहने दिया जाता। पिछले विश्वयुद्ध में आस्ट्रेलिया ने
[ ५३ ]२,४०,००० सेना युद्ध-स्थल में भेजी थी। आस्ट्रेलिया के पास एक नौसेना है, जिसमे ४ युद्धपोत तथा २ विध्वंसक है। हवाई बेडा भी है। आस्ट्रेलिया के वर्तमान प्रधानमन्त्री आर० जी० मैन् ज़ीस हैं। वह सयुक्त आस्ट्रेलिया-दल के नेता भी हैं।

ब्रिटेन और जर्मनी के मध्य वर्तमान युद्ध छिड़ने पर, ५ सितम्बर १९३९ को, आस्ट्रेलियन सरकार ने भी युद्ध-घोषणा कर दी। पार्लमेंट में विरोधी-दल ने यह प्रस्ताव पेश किया कि आस्ट्रेलियन सेनाएँ बाहर न भेजी जायँ, परन्तु २८ के विरुद्ध ३३ के बहुमत से यह प्रस्ताव गिर गया।

७ दिसम्बर १९४१ से जापान ने, प्रशान्त महासागर में ब्रिटिश, अमरीकन तथा डच द्वीप-समूहों पर आक्रमण शुरू किया। मार्च १९४२ में जापानी यानो ने आस्ट्रेलिया के बन्दरगाह डारविन पर हवाई हमले किये और ता० ५ अप्रैल १९४२ तक १३ बार इस बन्दरगाह पर हमले हो चुके थे। प्रशान्त महासागर में जापान विजयी हो चुका है, और इन दिनों, इस युद्ध में, आस्ट्रेलिया को जापानी आक्रमण का ख़तरा बराबर बना हुआ है।