पृष्ठ:खग्रास.djvu/९२

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
९२
खग्रास

कुछ भी नहीं कहा जा सकता। न यही कहा जा सकता है कि रेडियो ब्राड-कास्टिङ्ग या मौसम आदि की पृथ्वी पर होने वाली घटनाओ पर इस का क्या असर पड़ सकता है।"

"तो तुमने जो वायु गुफा तैयार की है, वह इन्ही सब तथ्यो के आधार पर निर्मित की गई है? है न?"

"तुम्हारा अनुमान सही है, लिजा। हमारी यह गुफा २० फुट लम्बी और तीन फुट ऊँची हवा को बहा ले जायगी।"

"तब तो यह बाह्य आकाशमण्डल की विजय मे सहायता देने वाली अनोखी वस्तु होगी।"

"बेशक, यह गुफा आकाशमण्डल के अपेक्षाकृत उच्च स्थानो तथा वाह्य आकाशमण्डल की सीमा पर स्थित भागो की खोज के लिए तैयार की गई है।"

"इस गुफा में से बाह्य आकाश में हवा कैसे निकाली जायगी?"

"बहुत आसानी से। जेट पम्पो की सहायता से इस गुफा में से हवा को उसी प्रकार खीच लिया जायगा, जैसे रोगनो का छिडकाव करने वाले स्प्रे यन्त्रो में यह क्रिया होती है।"

"और इसमे वायु प्रवाहित कैसे होती है?"

"शब्द से भी कई गुना अधिक गति से। देखो, यह जो एल्यूमिनियम की नली है, इसी के द्वारा गुफा में से हवा शब्द की गति से ६ गुनी अधिक रफ्तार से खींची जाती है। देखो, जरा इन दोनो काँच की खिड़कियों से झाक कर देखो। गुफा में कैसी हलचल मची है।"

"सचमुच यह तो अभूतपूर्व है। क्या इसका मैं चित्र खींच सकती हूँ?"

"क्यो नही। पर उसकी फीस देनी होगी।"

"वह क्या बहुत अधिक होगी?"

"नहीं, सिर्फ एक चुम्बन।"

"यू नाटी बाय, खैर यह बताओ कि गुफा में हवा का दबाव कितना रहता है?"