पृष्ठ:गबन.pdf/१४७

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।

29

रात के तीन बज चुके थे। रतन आधी रात के बाद आरामकुरसी पर लेटे ही लेटे झपकियाँ ले रही थी कि सहसा वकील साहब के गले का खर्राटा सुनकर चौंक पड़ी। उलटी साँसें चल रही थीं। वह उनके सिरहाने चारपाई पर बैठ गई और उनका सिर उठाकर अपनी जाँघ पर रख लिया। अभी न जाने कितनी रात बाकी है। मेज पर रखी हुई छोटी घड़ी की ओर देखा। अभी तीन बजे थे। सबेरा होने में चार घंटे की देर थी। कविराज कहीं नौ बजे आवेंगे! यह सोचकर वह हताश हो गईं। अभागिनी रात क्या अपना काला मुँह लेकर विदा न होगी! मालूम होता है, एक युग हो गया! कई मिनट के बाद वकील साहब की साँस रुकी। सारी देह पसीने में तर थी। हाथ से रतन को हट जाने का इशारा किया और तकिए पर सिर रखकर फिर आँखें बंद कर लीं।

एकाएक उन्होंने क्षीण स्वर में कहा–रतन, अब विदाई का समय आ गया। मेरे अपराध...

उन्होंने दोनों हाथ जोड़ लिए और उसकी ओर दीन याचना की आँखों से देखा। कुछ कहना चाहते थे, पर मुँह से आवाज न निकली। रतन ने चीखकर कहा—टीमल, महाराज, क्या दोनों मर गए? महराज ने आकर कहा-मैं सोया थोड़े ही था बहूजी, क्या बाबूजी?

रतन ने डाँटकर कहा–बको मत, जाकर कविराज को बुला लाओ, कहना अभी चलिए।

महराज ने तुरंत अपना पुराना ओवरकोट पहना, सोटा उठाया और चल दिया। रतन उठकर स्टोव जलाने लगी कि शायद सेंक से कुछ फायदा हो। उसकी सारी घबराहट, सारी दुर्बलता, सारा शोक मानो लुप्त हो गया। उसकी जगह एक प्रबल आत्मनिर्भरता का उदय हुआ। कठोर कर्तव्य ने उसके सारे अस्तित्व को सचेत कर दिया। स्टोव जलाकर उसने रुई के गाले से छाती को सेंकना शुरू किया। कोई पंद्रह मिनट तक ताबड़तोड़ सेंकने के बाद वकील साहब की साँस कुछ थमी।

आवाज काबू में हुई। रतन के दोनों हाथ अपने गालों पर रखकर बोले तुम्हें बड़ी तकलीफ हो रही है मुन्नी! क्या जानता था, इतनी जल्द यह समय आ जाएगा। मैंने तुम्हारे साथ बड़ा अन्याय किया है, प्रिये! ओह कितना बड़ा अन्याय! मन की सारी लालसा मन में रह गई। मैंने तुम्हारे जीवन का सर्वनाश कर दिया, क्षमा करना।

यही अंतिम शब्द थे, जो उनके मुख से निकले। यही जीवन का अंतिम सूत्र था, यही मोह का अंतिम बंधन था।

रतन ने द्वार की ओर देखा। अभी तक महाराज का पता न था। हाँ, टीमल खड़ा था और सामने अथाह अंधकार जैसे अपने जीवन की अंतिम वेदना से मूर्च्छित पड़ा था। रतन ने कहा—टीमल, जरा पानी गरम करोगे?

टीमल ने वहीं खड़े-खड़े कहा-पानी गरम करके क्या करोगी बहूजी, गोदान करा दो। दो बूंद गंगाजल मुँह में डाल दो।