पृष्ठ:देवांगना.djvu/९

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ प्रमाणित है।

जिधर भी उसने पैर बढ़ाया सर्वत्र बौद्ध सम्पर्क में आना पड़ा। उसके राज्य के दक्षिणी अंचल नेपाल और काश्मीर थे, जो भारत के भाग होने के कारण बुद्ध की जन्मभूमि समझे जाते थे। उत्तर और पूर्व में तुर्क और चीन के समृद्ध बौद्ध राज्य थे। इन सबके सम्पर्क में आकर इस नये विजेता के नेतृत्व में तिब्बत ने नये सांस्कृतिक रूप को धारण किया। उसने चीन और नेपाल की राकुमारियों से विवाह किया। लासा को राजधानी बनाया। पड़ोसी देशों की तड़क-भड़क के अनुरूप ही इस असंस्कृत सम्राट ने अपने नगर को सांस्कृतिक रूप दिया। नेपाल और चीन की रानियों ने बुद्ध मूर्ति की राजधानी में स्थापना की और उसके चतुर मन्त्री सम्मोटा ने भोट भाषा को लिपिबद्ध कर, लिखा-पढ़ी के द्वारा राज-काज चलाना आरम्भ किया। सम्राट ने स्वयं लिखने-पढ़ने का अभ्यास किया। फिर बौद्ध ग्रन्थों का, वैद्यक ग्रन्थों का और गणित की पुस्तकों का भोट भाषा में अनुवाद हुआ। और इस प्रकार नये सम्राट् की नयी जनता शिक्षित होने लगी। और जन-जागरण के साथ-साथ ही भोट जाति में बौद्ध धर्म के संस्कारों का उदय हुआ।

इस सम्राट के 100 वर्ष बाद नालन्दा के महान् दार्शनिक शान्तिरक्षित तिब्बत में आमन्त्रित किए गए। उन्होंने वहाँ पहिला मठ स्थापित किया और मगधेश्वर महाराज धर्मपाल के बनवाए उदन्तपुरी के महाविहार के अनुरूप विहार की नींव डाली गई। नालन्दा से आचार्य शान्तिरक्षित ने बारह भिक्षु बुलाए और सात भोटदेशीय कुलपुत्रों को भिक्षु बनाया। इस प्रकार भिक्षु संघ और भिक्षु विहार की तिब्बत में स्थापना हुई। 100 वर्ष की आयु में आचार्य का शरीरपात हुआ और उनका शरीर विहार की पहाड़ी पर एक स्तूप में रखा गया। उन्होंने जीवन के 25 वर्ष तिब्बत में व्यतीत किए और अब तक वे वहाँ बोधिसत्त्व की भाँति पूजे जाते हैं। इसके बाद आचार्य कमलशील तिब्बत गए। अब तिब्बत का साम्राज्य और विस्तृत हो गया था। वहाँ बहुत-से बौद्ध विद्वान् पहुँच चुके थे। स्वयं तिब्बत में भी अनेक आचार्य उत्पन्न हो गए थे। परन्तु नवीं शताब्दी में सम्राट् दटम ने बौद्धों पर अत्याचार आरम्भ कर बौद्धधर्म को तिब्बत से बहिष्कृत करने की चेष्टा की। ग्यारहवीं शताब्दी में आचार्य दीपंकर श्रीज्ञान अतिश तिब्बत गए और उन्होंने नये सिरे से वहाँ बौद्धधर्म की प्रतिष्ठा की।

वे केवल तेरह वर्ष ही वहाँ जीवित रहे। पर इस बीच उन्होंने बहुत काम किया। इसके बाद ही भारत से बौद्ध धर्म का लोप हो गया और भारत का धर्म स्रोत सूख गया।

इस समय भी भारत में बौद्धधर्म के बड़े केन्द्र थे, जहाँ विश्ववन्द्य आचार्य रहते थे। आजकल जिसे बिहार शरीफ कहते हैं, तब यह उदन्तपुरी कहाता था तथा यहाँ एक महाविहार था। इस विहार की स्थापना मगधेश्वर महाराज धर्मपाल ने की थी। गंगा तट, जिला भागलपुर, में विक्रमशिला विहार बहुत भारी विद्यापीठ था। यह सुल्तानगंज की दोनों टेकरियों पर अवस्थित था। इसकी स्थापना भी पालवंशी महाराज धर्मपाल ने 8वीं शताब्दी में की थी। उदन्तपुरी के निकट विश्वविख्यात नालन्दा विश्वविद्यालय था। बुद्धगया उस काल में वज्रासन कहाता था। दीपंकर श्रीज्ञान का जन्म भागलपुर के निकटवर्ती किसी सामन्त के घर हुआ था। पीछे उन्होंने नालन्दा, वज्रासन, विक्रमशिला, राजगृह तथा सुदूर चम्पा में जाकर ज्ञानार्जन किया था। और पीछे उनकी गणना विक्रमशिला के आठ महापण्डितों में की गई थी। उन्होंने अपने अन्तिम दिन तिब्बत को ज्ञान-दान देने में व्यतीत