पृष्ठ:रघुवंश (अनुवाद).djvu/३००

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।

अठारहवाँ सर्ग।
—:○:—
अतिथि के उत्तरवर्ती राजाओं की वंशावली।

शत्रुओं का संहार करनेवाले अतिथि का विवाह निषधनरेश की कन्या से हुआ था। वही उसकी प्रधान रानी थी। उसी की कोख से उसे निषध नाम का एक पुत्र मिला। बल में वह निषधपर्व्वत से किसी तरह कम न था। अतिथि ने जब देखा कि मेरा पुत्र महापराक्रमी है और प्रजा की रक्षा का भार उठा सकता है तब उसे उतना ही आनन्द हुआ जितना कि सुवृष्टि के योग से परिपाक को पहुँचे हुए धान के खेत देख कर किसानों को होता है। अतएव उसने निषध को राजा बना दिया और आप शब्द, रूप, रस आदि का सुख चिरकाल तक भोग कर, अपने कुमुद-सदृश शुभ्र कर्मों से पाये हुए स्वर्ग को चला गया।

कुश के पौत्र निषध के लोचन कमल के समान सुन्दर थे; उसका हृदय महासागर के समान गंभीर था; और उसकी भुजायें नगर के फाटक की अर्गला (लोह-दण्ड) के समान लम्बी और पुष्ट थीं। वीरता में तो उसकी बराबरी करनेवाला कोई था ही नहीं। पिता के अनन्तर एकच्छत्र राजा होकर उसने बड़ी ही योग्यता से ससागरा पृथ्वी का शासन किया।

निषध के नल नामक पुत्र हुआ। उसके मुख की कान्ति कमल के समान और तेज अनल के समान था। पिता के पश्चात् रघुवंश की राजलक्ष्मी उसे ही प्राप्त हुई। उसने अपने वैरियों के सेना-समूह को इस तरह नष्ट-भ्रष्ट कर डाला जिस तरह कि हाथी नरकुल को तोड़ मिरोड़ कर फेंक देता है।

नभश्चरों, अर्थात् गन्धर्व्वादिकों, के द्वारा गाये गये यशवाले राजा नल ने नभ नामक पुत्र पाया। उसका शरीर नभस्तल (आकाश) के समान श्याम था। नभोमास, अर्थात् सावन के महीने, की तरह वह अपनी प्रजा का प्यारा हुआ।