पृष्ठ:कुरल-काव्य.pdf/१४८

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
[१२३
 

 

परिच्छेद ७
सन्तान

१—बुद्धिमान् सन्तति पैदा होने से बढ़कर संसार में दूसरा सुख नहीं।

२—वह मनुष्य धन्य है जिसके बच्चों का आचरण निष्कलङ्क है सात जन्म तक उसे कोई बुराई छू नही सकती।

३—सन्तान ही मनुष्य की सच्ची सम्पत्ति है, क्योंकि वह अपने संचित पुण्य को अपने कृत्यों द्वारा उसमे पहुँचाता है।

४—निस्सन्देह अमृत से भी अधिक स्वादिष्ट वह साधारण 'रसा' जिसे अपने बच्चे छोटे छोटे हाथ डालकर घँघोलते है।

५—बच्चों का स्पर्श शरीर का सुख है, और कानो का सुख है उनकी बोली को सुनना।

६—वंशी की ध्वनि प्यारी और सितार का स्वर मीठा है, ऐसा वे ही लोग कहते है जिन्होंने अपने बच्चे की तुतलाती हुई बोली नहीं सुनी है।

७—पुत्र के प्रति पिता का कर्तव्य यही है कि उसे सभा में, प्रथम पंक्ति में बैठने योग्य बनादे।

८—बुद्धि में अपने बच्चे को अपने से बढ़ा हुआ पाने में सभी को आनन्द होता है।

९—माता के हर्ष का कोई ठिकाना नही रहता जब उसके गर्भसे लड़का उत्पन्न होता है, लेकिन उससे भी कही अधिक आनन्द उस समय होता है जब लोगो के मुँह से उसकी प्रशंसा सुनती है।

१०—पिता के प्रति पुत्र का कर्तव्य क्या है? यही कि संसार उसे देखकर उसके पिता से पूछे, किस तपस्या के बल से तुम्हे ऐसा सुपुत्र मिला है।