पृष्ठ:खग्रास.djvu/२२८

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
२२९
खग्रास


"क्यों नहीं। अब निकट भविष्य में ही मकानों की दीवारों, छतों तथा फर्शों को इस नई विधि द्वारा पूरी तरह प्रकाशित किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त हम इस विद्युदणुमय प्रकाश से प्रभावित होकर इसे प्रकाश के अतिरिक्त अन्य क्षेत्रों में इस्तेमाल करने के बारे में खोज कर रहे हैं।"

"खैर, पर पहिले मेरे मकान को आप अपने इस प्रकाश से आलोकित कर दीजिए डा॰ कोल्टन?"

"जरूर, जरूर। आपका मकान तो विज्ञान का जीता जागता नमूना है। उसमें यह प्रकाश अवश्य होना चाहिए।"

"तब तो हम समझते हैं कि हमारे ये विज्ञान के आविष्कार केवल विध्वंसकार्य ही के लिए नहीं है। जन कल्याण के भी इनसे बहुत काम हो सकते है। "डा॰ कैरोल ने कहा—"परन्तु"

उन्होंने कुछ आशंका भरे स्वर में कहा—"क्या आपको ऐसी आशा है कि अमेरिका इस भौतिक विज्ञान का उपयोग जन-कल्याण के कामों में करेगा?"

"इसके उत्तर में मैं केवल यही कह सकता हूँ कि अन्तर्राष्ट्रीय-भू-भौतिक वर्ष के सिलसिले में अमेरिका ने शुरू के पाँच महीनों में जो काम किए है, उनके व्यापक वैज्ञानिक परिणाम निकले हैं।"

"आपका अभिप्राय यदि अमेरिकन एसोसियेशन फार द एडवान्समैन्ट आव साइंस की साप्ताहिक पत्रिका के उस लेख से है जो अमेरिकी भू-भौतिक वर्ष समिति के संचालक निर्देशक श्री ह्यू औडिशा ने लिखा है तो मैं उसे पढ़ चुका हूँ।"

"ठीक है। आपने पढ़ा होगा कि उसमें उन्होंने बताया है कि ग्रीन लैण्ड की बर्फ की चोटी के नीचे ६,००० फुट तक की खुदाई करने पर बर्फ की अनेक वार्षिक परते सुरक्षित पाई गई है।"

"हाँ, मैंने यह बात पढ़ी थी।"

"तो इससे अब २,००० वर्ष के मौसम की जानकारी हमें मिल रही है।"