पृष्ठ:योगिराज श्रीकृष्ण.djvu/१०६

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
106/ योगिराज श्रीकृष्ण
 


लगी मानो उसके नेत्रों से मोतियों की धारा बह निकली। द्रौपदी की यह दशा देखकर सारी सेना मे जोश आ गया। चारों ओर तलवारें म्यान से बाहर निकल आई। अन्तत: कृष्ण ने द्रौपदी को संबोधन कर कहा, “है कृष्णे, तू धीरज धर। यदि दुर्योधन ने मेरी बात न मानी तो वह पछताएगा। उसकी रानियाँ विलाप करेंगी। तेरे पति विजय पावेगे और तझे फिर राजसिंहासन पर बिठायेंगे।" इतना कहकर कृष्ण वहाँ से विदा हुए। वे जानते थे कि दुर्योधन दुष्ट है, इसलिए उन्होंने अपनी रक्षा के लिए दो हजार सिपाही साथ लिए और हस्तिनापुर की ओर चले।

धृतराष्ट्र को जब समाचार मिला कि कृष्ण आ रहे है तो उसने उनके आराम का पूरा प्रबन्ध कर दिया और राजधानी में स्वागत की बड़ी तैयारियाँ कराने लगा, परन्तु कृष्ण ने धुतराष्ट के प्रबन्ध से कुछ फायदा नहीं उठाया। वे हस्तिनापुर पहुँच गये। यहाँ कौरवों की ओर से उनका अच्छा स्वागत किया गया। जब वे महल में आए तब सब छोटे-बड़ों ने उनका पूरा सत्कार किया।