पृष्ठ:योगिराज श्रीकृष्ण.djvu/३८

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
भूमिका 37
 


भी न होना चाहिए) तो यह बात स्पष्ट हो जाती है कि श्रीकृष्ण का जन्म उस समय हुआ जब देश में वैदिक धर्म अपनी वास्तविक पवित्रता में था। जाति का विचार जन्म से न था। मनुष्य को परमात्मा का पद नहीं मिलता था। अवतारों की अभी उत्पत्ति नहीं हुई थी, मूर्तिपूजा का नाम-निशान नहीं था और हिन्दुओं की त्रिमूर्ति अभी स्थापित नहीं हुई थी। वैदिक कर्मकांड की प्रथा प्रचलित थी, बौद्ध धर्म का जन्म नहीं हुआ था, पर अनेक दर्शनो ने लोगों का विश्वास निर्बल कर दिया था और उन्हें धर्म से अश्रद्धा होने लग गई थी। इन बातो को सम्मुख रखकर और कवि वर्णित अलंकारादि का विचार करके यदि हम महाभारत तथा विष्णुपुराण में से कुछ यथार्थ बातें निकालना चाहें तो निष्फलता कदापि संभव नहीं। तथापि यह याद रखना चाहिए कि ये बातें बड़ी कठिनाई तथा अनुसन्धान द्वारा मालूम हो सकती हैं, क्योंकि वास्तविक इतिहास का मिलना असंभव है।

उपर्युक्त विवेचन के पश्चात् अब हम यह दिखलायेंगे कि क्या कृष्ण के जीवन-काल का निर्णय करना वास्तव में असंभव है या इसकी कुछ सम्भावना है।

(9) कृष्ण तथा महाभारत का समय। महाभारत के समय का निर्णय करना तनिक कठिन है क्योंकि उस समय का कोई यथाक्रम इतिहास मौजूद नहीं, परन्तु इस विषय मे अनुसंधान द्वारा जो-जो बातें अब तक जानी गई है उन्हें हम पाठकों के सूचनार्थ लिखते है।

(अ) यह बात हिन्दुओं में साधारणतः प्रसिद्ध है कि महाभारत के युद्ध से कलियुग का आरम्भ हुआ है और कृष्ण का जन्म द्वापर में हुआ है। कलियुग को आरम्भ हुए लगभग 5000 वर्ष माने जाते हैं। गणितशास्त्र वाले भी कलियुग का आरम्भ 4996 वर्ष से निश्चय करते है।

(क) काश्मीर के इतिहास 'राजतरंगिणी' का लेखक कल्हण लिखता है कि कलियुग के 653वे वर्ष में गौड़ नामक राजा काश्मीर में वर्तमान था और युधिष्ठिर तथा कौरव वन मे थे। गौड़ ने लगभग 65 वर्ष राज्य किया जिससे युधिष्ठिर का समय लगभग 2400 वर्ष मसीह से पूर्व स्थिर होता है अर्थात् आज से 4300 वर्ष होते है।

(ख) विष्णुपुराण से ज्ञात होता है कि युधिष्ठिर का पोता परीक्षित राजा नन्द से 1015 वर्ष पहले हुआ। पहला राजा नन्द चन्द्रगुप्त से 100 वर्ष पूर्व हुआ। चन्द्रगुप्त ने मसीह से 3015 वर्ष पहले राज्य पाया जिससे परीक्षित का समय 1430 वर्ष मसीह पूर्व स्थिर होता है।

(ग) एक दूसरे स्थान पर विष्णुपुराण, परीक्षित का समय 1200 वर्ष कलियुगी ठहराता है जिससे परीक्षित का काल लगभग 1900 वर्ष मसीह पूर्व सिद्ध होता है।

(घ) महाभारत के पढ़ने से विदित होता है कि जिस समय महाभारत की लड़ाई हुई थी उस समय सबसे छोटा दिन और सबसे बड़ी रात माघ महीने में हुआ करती थी क्योंकि भीष्मपितामह सूर्य के (खने उस्तवा) दक्षिण मे चले जाने पर मृत्यु को प्राप्त हुए। परन्तु अब 24 दिसम्बर को सबसे बड़ी रात और सबसे छोटा दिन होता है। ज्योतिषविद्या के जानने वाले बताते है कि इस परिवर्तन को हुए कम-से-कम 3426 वर्ष हुए है जिससे यह परिणाम निकलता है कि महाभारत को भी 3426 वर्ष से कम नहीं हुए, अधिक चाहे कुछ और हों।

(च) ज्योतिषविद्या की सहायता से जो यह परिणाम निकलता है उसके विषय में मि० बाल