पृष्ठ:योगिराज श्रीकृष्ण.djvu/५३

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
52/ योगिराज श्रीकृष्ण
 

कृष्ण के जन्म के समय यादवों की गद्दी पर उग्रसेन का पुत्र कंस विराजमान था जो अपने पिता को सिंहासन से उतारकर स्वयं गद्दी पर बैठा था। कंस जरासंघ का दामाद था। यह जरासंघ मगध देश का राजा और अपने समय का बड़ा प्रतापी था। इसी की सहायता से कंस अपने पूज्य पिता को जीते जी राज्य से च्युत करके स्वयं राजा बन गया पर औरंगजेब की भाँति इसने पिता को बन्दीगृह का मुँह नही दिखलाया।

कंस अपने समय का ऐसा कृतम तथा अत्याचारी राजा था कि उससे उसके अपने-पराये सब तंग थे और उससे छुटकारा पाने हेतु उसकी प्रजा परमात्मा से सदा प्रार्थना करती थी। उसके निंदनीय कार्यों में से पहला तो यही था कि उसने अपने पूज्य पिता का ऐसा अपमान किया, और अपने इस कुत्सित कार्य से अपने वंश को कलंकित किया। सत्य है, योग्य के पुत्र सदा योग्य नहीं हुआ करते। ऐसे ही कपूत अपने वंश की मान-मर्यादा को मिट्टी में मिला देते है। कंस का वृद्ध पिता उसके बुरे आचरण को देखकर भीतर-ही-भीतर कुढ़ा करता था। पैतृक स्नेह तथा वंश की कुलीनता के कारण उसका पिता उसके विरुद्ध विद्रोह नहीं करता था और उसके अत्याचारो को सहन करता था। भाई, बन्धु, धनी, राज्य-कर्मचारी, यहाँ तक कि प्रजा भो इसके निन्दनीय कार्यों से तंग थी और उच्चवंश का होने के कारण किसी की इतनी हिम्मत नहीं थी कि सबल वृक्ष की इस शाखा को तोड़ डाले और वृक्ष को इसके बुरे प्रभावों से बचाये। पर यह कब सम्भव था कि ऐसे अन्यायी की अनीतियाँ निरंतर बढ़ती जायें और परमात्मा की ओर से उसकी कुछ सुध न ली जाये।

वह अपने निन्दनीय कर्मों से कब तक परमात्मा की सृष्टि को तंग कर सकता था। पालनपोषणकर्ता परमेश्वर भी उसके अत्याचारों का फल उसको देने वाला था। उसके अत्याचारो का अन्त अब निकट पहुँच गया था। उस जगतपिता ने मुक्त आत्माओं में से एक को फिर जन्म दिया जिससे उसके द्वारा संसार मे फिर धर्म और न्याय का राज्य स्थापित हो और जन साधारण में वह एक आदर्श स्वरूप बन जाय।

इधर पिताद्रोही कंस को भी लगने लगा कि मेरे पापों का परिणाम अब मुझे शीघ्र मिलेगा। उसके अन्तःकरण से आवाज आई, "उठ; अब भी अपने आचरणों को सुधारने तथा सुपथ पर आने का समय है। अधर्म और पाप का साथ छोड़। पूर्वजों के यश को जो तूने कलंकित किया है उस धब्बे को मिटाने का यत्न कर।' पर जो आत्माएँ पाप करने में अभ्यस्त हो जाती हैं उनके लिए ऐसी ध्वनि किसी काम की नहीं होती। वे भयभीत होने पर भी और घोर पापों के करने में उद्यत होती हैं। उस समय तक उनके पाप बढ़ते जाते है जब तक उन्हे परमात्मा की ओर से समुचित दंड प्रत्यक्ष नहीं मिल जाता।