पृष्ठ:रघुवंश (अनुवाद).djvu/१५४

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
१०४
रघुवंश।

पराक्रम उसके शत्रुओं को दुःसह हो गया। वे उसका नाम सुनते ही थर थर काँपने लगे। अकेले अज का ही क्षात्र तेज उसके शत्रुओं को कँपाने के लिए काफ़ी था। वशिष्ठ के मन्त्र-प्रभाव से वह तेज और भी प्रखर हो गया। पवन के संयोग से अग्नि जैसे और भी अधिक प्रज्वलित हो उठता है वैसे ही ब्रह्म-तेज के संयोग से अज का क्षात्र तेज भी पहले से अधिक तीव्र हो गया।

अज, किसी बात में, अपने पिता से कम न था। पिता की केवल राज्य-लक्ष्मी ही उसने न प्राप्त की थी, उसके सारे गुण भी उसने प्राप्त कर लिये थे। इस कारण उसकी प्रजा ने उस नये राजा को फिर से तरुण हुआ रघु ही समझा। उस समय दो चीज़ों के दो जोड़े बहुत ही अधिक शोभायमान हुए। एक तो, अज के साथ उसके बाप-दादे के सम्पत्तिशाली राज्य का संयोग होने से, अज और राज्य का जोड़ा पहले से अधिक शोभाशाली हो गया। दूसरे, अज की स्वाभाविक नम्रता के साथ उसके नये यौवन का योग होने से, नम्रता और यौवन का जोड़ा विशेष शोभासम्पन्न हो गया। लम्बी लम्बी भुजाओं वाले–महाबाहु—अज ने, नई पाई हुई पृथ्वी का, नवोढा बधू की तरह, सदय होकर भोग किया। उसने कहा:—"ऐसा न हो जो सख़्ती करने से यह डर जाय। अतएव, अभी, कुछ दिन तक, इसका शासन और उपभोग लाड़-प्यार से ही करना चाहिए"। इस प्रकार के आचरण का फल यह हुआ कि उसकी सारी प्रजा उससे प्रसन्न हो गई। सब लोग यही समझने लगे कि राजा अकेले हमीं को सबसे अधिक चाहता है। समुद्र में सैकड़ों नदियाँ गिरती हैं—सैकड़ों उसका आश्रय लेती हैं—परन्तु समुद्र उनमें से किसी को भी विमुख नहीं लौटाता, सब के साथ एक सा प्रीतिपूर्ण बर्ताव करता है। इसी तरह अज ने भी अपनी प्रजा में से किसी को भी अप्रसन्न होने का मौका न दिया। जो उस तक पहुँचा उसे उसने प्रसन्न करके ही छोड़ा। न उसने बहुत कठोर ही नीति का अवलम्बन किया और न बहुत कोमल ही का। कठोरता का व्यवहार करने की ज़रूरत पड़ने पर, कठोरता उसने दिखाई; पर बहुत अधिक नहीं। इसी तरह कोमलता का व्यवहार करने के लिए बाध्य होने पर, कोमलता से उसने काम लिया सही; पर इतना कोमल भी न हुआ कि कोई उससे डरे ही नहीं। कठोरता और कोमलता के बीच का मार्ग ग्रहण करके उसने—पवन जिस तरह पेड़ों को झुका कर छोड़ देता है उसी तरह—माण्डलिक राजाओं को झुका कर ही छोड़ दिया, उन्हें जड़ से नहीं उखाड़ा।

वृद्ध रघु को यह देख कर परमानन्द हुआ कि मेरे पुत्र को प्रजा इतना चाहती है और उसका राज्य सब तरह निष्कण्टक है। अब तक मोक्ष-साधन के उपायों में लगे रहने से उसे आत्मज्ञान भी हो गया था। अतएव, इस