पृष्ठ:साहित्य सीकर.djvu/१४०

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ प्रमाणित है।
१३४
साहित्य-सीकर

साप्ताहिक संस्करण का जन्म हुआ था। पर वह पत्र शायद औरों को दे दिया गया है। उसके स्थान में दैनिक टाइम्स के वृहस्पतिवार के अङ्क के साथ एक साहित्य-सम्बन्धी क्रोड़-पत्र निकलता है। इस क्रोड़-पत्र से अँगरेजी साहित्य का बड़ा उपकार हुआ है। लोगों ने इसे बहुत पसन्द किया है। १९०४ से दैनिक टाइम्स में व्यापार सम्बन्धी (Financial and Commercial Supplement), १९०५ में भवन-निर्माण-सम्बन्धी (Engineering Supplement) और १९१० से स्त्रियों के लिये (Women's Supplement) नामक क्रोड़पत्र भी सप्ताह में एक-एक बार निकलते हैं।

टाइम्स का पुस्तकालय बहुत विशाल है। उसके कार्यालय से बहुत सी अप्राप्य और अमूल्य पुस्तकें भी समय पर प्रकाशित होती रहती हैं। अँगरेजी विश्वकोश (Encyclopedia Britanica) के पिछले संस्करण वहीं से निकले हैं। मूल्य भी उसका बहुत कम रक्खा गया है। जर्मनी के प्रसिद्ध राजनीतिक विस्मार्क का गुप्त जीवन चरित, दक्षिणी अफ्रीका के युद्ध सम्बन्धी ग्रन्थ और रूस जापान के युद्ध का इतिहास आदि भी टाइम्स ही के कार्य्यालय से प्रकाशित हुये हैं, और भी अनेक अनमोल ग्रंथ उसकी बदौलत सर्व-साधारण को पढ़ने को मिले हैं। ग्रन्थों का प्रकाशन-कार्य्य उसने अब तक बराबर जारी रक्खा है।

[अगस्त, १९२६