पृष्ठ:अतीत-स्मृति.pdf/१५६

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।

१३-बौद्धों के द्वारा अमेरिका का आविष्कार

सारे सभ्य संसार का यह विश्वास है कि सन् १४९२ ईसवी में कोलम्बस साहब ही ने पहिले पहल अमेरिका का आविष्कार किया था। उनके पहले कोई बाहरी मनुष्य अमेरिका में न गया था। यह विचार केवल यूरोपियनों ही का नहीं, किन्तु एशिया-वालों का भी है। पर सर्वसाधारण का यह मत भ्रमात्मक है। कोलम्बस के सैकड़ो वर्ष पहले बौद्ध-धर्म-प्रचारक-गण अमेरिका गये थे और वहाँ उन्होंने बौद्ध धर्म और एशियाई सभ्यता का प्रचार किया था। अमेरिका के कई स्थानों में इस बात के प्रमाण पाये गये है।

अमेरिका में हारपर्स मैगज़ीन (Harpers Magazine) नाम का एक मासिक पत्र निकलता है। उसमें, कई साल हुए, पूर्वोक्त विषय पर एक महत्त्वपूर्ण लेख निकला था। उसके लेखक अध्यापक जान फ़्रायर ने उसमे यह सिद्ध किया था कि अमेरिका का पता पहले पहल बौद्धों ही ने लगाया था और वहाँ के मेक्सिको देश में बौद्ध धर्म और सभ्यता का प्रचार भी किया था। फ़्रायर साहेब के लेख का सारांश सुनिए-

बौद्ध लोगों ने अपने धर्म का प्रचार करने में बड़े ही अपूर्व साहस का परिचय दिया है। एशिया में शायद ही ऐसा कोई देश