पृष्ठ:कर्मभूमि.pdf/११४

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ प्रमाणित है।


सकता हूँ। मैं किसी प्राणी से दया की भिक्षा माँगना अपने आत्म-सम्मान के लिए घातक समझता हूँ। ईश्वर ने चाहा, तो मैं आपको दिखा दूँगा, कि मैं मजदूरी करके भी जनता की सेवा कर सकता हूँ।

समरकान्त ने समझा, अभी इसका नशा नहीं उतरा। महीना-दो-महीना गृहस्थी के चरखे में पड़ेगा, तो आँखें खुल जायेंगी। चुपचाप बाहर चले गये। और अमर उसी वक्त एक मकान की तलाश करने चला।

उसके चले जाने के बाद लालाजी फिर अन्दर गये। उन्हें आशा थी कि सुखदा उनके घाव पर मरहम रखेगी; पर सुखदा उन्हें अपने द्वार के सामने देखकर भी बाहर न निकली। कोई पिता इतना कठोर हो सकता है, इसकी वह कल्पना भी न कर सकती थी। आखिर यह लाखों की सम्पत्ति किस काम आयेगी ? अमर घर के काम-काज से अलग रहता है, यह सुखदा को खुद बुरा मालूम होता था। लालाजी इसके लिए पुत्र को ताड़ना देते हैं, यह भी उचित ही था; लेकिन घर का और भोजन का खर्च माँगता यह तो नाता ही तोड़ना था। तो जब वह नाता तोड़ते हैं, तो वह रोटियों के लिए उनकी खुशामद न करेगी। घर में आग लग जाय, उससे कोई मतलब नहीं। उसने अपने सारे गहने उतार डाले। आख़िर यह गहने भी तो लालाजी हो ने दिये हैं। माँ की दी हुई चीजें भी उसने उतार फेंकी। माँ ने भी जो कुछ दिया था, दहेज की पुरौती ही में तो दिया था। उसे भी लालाजी ने अपनी बही में टाँक लिया होगा। वह इस घर से केवल एक साड़ी पहनकर जायगी। भगवान उसके लाल को कुशल से रखे, उसे किसी की क्या परवाह ! यह अमूल्य रत्न तो कोई उससे छीन नहीं सकता। अमर के प्रति इस समय उसके मन में सच्ची सहानुभूति उत्पन्न हुई। आखिर म्युनिस्पैलिटी के लिए खड़े होने में क्या बुराई थी ? मान और प्रतिष्ठा किसे प्यारी नहीं होती ? इसी मेम्बरी के लिए लोग लाखों खर्च करते हैं। क्या यहाँ जितने मेम्बर है वह सब घर के निखट्ट ही हैं ? कुछ नाम करने की, कुछ काम करने की लालसा प्राणी-मात्र की होती है। अगर वह स्वार्थ-साधन पर अपना समर्पण नहीं करते, तो कोई ऐसा काम नहीं करते, जिसका यह दण्ड दिया जाय। कोई दूसरा आदमी पुत्र के इस अनुराग पर अपने को धन्य मानता, अपने भाग्य को सराहता।

११०
कर्मभूमि