पृष्ठ:खग्रास.djvu/११९

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
११९
खग्रास

"जो भी हो, परन्तु हकीकत यह है कि कूटनीतिक दृष्टि से रूसी सफलता को देखते हुए निरस्त्रीकरण के प्रश्न का महत्व अधिक हो गया है।"

"हमें यह भी तो देखना है कि उपग्रह का सामरिक महत्व किस हद तक हो सकता है।"

"अब तो ८२ राष्ट्रो के जीवन मरण की समस्या इसी प्रश्न पर आ अटकी है।"

तुर्की प्रतिनिधि ने कहा--

"सीरिया की स्वतन्त्रता-प्रभुसत्ता, और प्रादेशिक अखण्डता की हम कीमत समझते है। और अपनी दक्षिणी सीमा पर सीरिया का सबल-समृद्ध और स्वतन्त्र राज्य बने रहना अपनी सुरक्षा के लिए अभयता की एक गारन्टी मानते है। निस्सन्देह अन्य अरब राष्ट्रो की भाँति सीरिया के साथ भी हमारे सांस्कृतिक, धार्मिक और आर्थिक सम्बन्ध है।"

"आपका कहना ठीक है। तुर्की द्वारा अपने पड़ौसी सीरिया की सद्भावना की हम भी प्रशंसा करते है। परन्तु सोवियत सरकार के रवैये पर तो आप विचार कीजिए? वह तो तुर्की और अमेरिका दोनो पर ही यह आरोप लगा रहा है कि 'उत्तरी अतलान्तक संधि संगठन, आक्रामक देशो का गठबन्धन है। आप तो यह मानेगे ही कि 'उत्तरी अतलान्तक संगठन का मूलाधार कथन यह है कि किसी एक देश पर किया गया आक्रमण सब पर आक्रमण माना जाएगा। आपको यह तो स्मरण ही होगा कि उत्तरी अतलान्तक सन्धि संगठन का निर्माण तब हुआ था जब रूस ने लिथुवामिया, लेटविया, टास्टोनिया, पोलैण्ड, चेकोस्लावाकिया, हगरी, बल्गेरिया, रूमानिया और अल्वानिया को हड़प लिया था।" सर हेनरी कैवट लाज ने कहा।

"आप शायद यह कहना चाहते है कि उत्तरी अतलान्तक संगठन द्वारा आप अपनी सुरक्षा के लिए संगठित हुए है।"

"बस, बस, हमारा अभिप्राय यही है। असल बात तो यह है कि हम पश्चिमी एशिया मे शान्ति स्थापन के लिए अत्यन्त उत्सुक है।"