पृष्ठ:खग्रास.djvu/२३७

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
२३८
खग्रास


"आप झड़प कहते हैं—रूसी राजदूत ने साफ कह दिया कि ईरान और अमेरिका का नया समझौता रूस की दक्षिण सीमा के लिए संकट होगा। ईरानी प्रधान मन्त्री ने प्रतिवाद तो किया पर उनका स्वर धीमा था।"

"तो क्या किया जाय भाई, गरीब की जोरू सब की भाभी।"

राजनैतिक मित्रता

भूदेव ने कहा-

"विश्व शान्ति तथा मानव कल्याण के लिए शक्ति गुटों से तटस्थ रहने तथा विभिन्न देशों में सद्भावना पर आधारित भारत की नीति से बढ़कर कोई प्रयास नहीं हो सकता।"

"आपके देश में इस पर कोई मतभेद नहीं है?" स्मिथ ने पूछा।

"नहीं। अधिकांश विश्व हमारी नीति की दूरदर्शिता को स्वीकार करता है।"

"क्या इससे विश्व को कोई लाभ पहुँचा है?"

"क्यो नहीं। भारत की नीति से तनाव कम हुआ है, तथा कोरिया, हिन्द-चीन और हाल में लैबनान में लड़ाई समाप्त हुई है।"

"क्या भारत का पंचशील सिद्धान्त व्यवहार्य है?"

"पंचशील सिद्धान्त को एशिया, अफ्रीका तथा योरोप के कई देशों ने अपनाया है, इसका हमें गर्व है। इसके अतिरिक्त भारत को राष्ट्रों के समाज में प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त है।"

"क्या राष्ट्र-मण्डल से सम्बन्ध रखने में भारत का हित है?"

"इन सम्बन्धों से भारत की स्वतन्त्रता पर किसी प्रकार की आँच नहीं आई है। क्योंकि आर्थिक या राजनैतिक प्रश्नों पर भारत की नीति किसी प्रकार की शर्तों को स्वीकार न करने की रही है।"

"इससे क्या कुछ लाभ हुआ है?"

"स्वेज के प्रश्न पर ही भारत द्वारा अपनाई गई नीति से आपके प्रश्न का उत्तर मिल सकता है।"