पृष्ठ:सम्पूर्ण गाँधी वांग्मय Sampurna Gandhi, vol. 14.pdf/४६२

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।

 

३०८. पत्र: सोंजा श्लेसिनको

[नडियाद]
जून २३, १९१८

प्रिय कुमारी श्लेसिन,[१]

जिस पत्रकी मैं लम्बे अरसेसे प्रतीक्षा कर रहा था, वह आखिरकार आ गया। हम सभीको तुम्हारे पत्रका इन्तजार था।

फीनिक्स आश्रमको बेचना नहीं है। उसके बीचमें जो जगह है उसमें से पाँच एकड़ जमीन तुम ले सकती हो। तुम्हारा सपना मुझे पसन्द है, खास तौरपर इसलिए कि उसमें हिन्दुस्तान आनेकी बात भी शामिल है।

यह जानकर मैं बहुत खुश हुआ कि तुम टाइपराइटरसे ऊबने लगी हो...[२] रामदाससे मैंने दरजी बननेके लिए हरगिज नहीं कहा। इसलिए नहीं कि दरजीके काममें कोई सौन्दर्य नहीं है। वह एक उत्तम दरजी बन भी सकता है। किन्तु इसलिए कि वह एक आदर्शवादी लड़का है, उसकी इच्छा तरह-तरह के अनुभव प्राप्त करनेकी है। अगर वह कवि बन जाये, तो कोरे अलंकार और छन्द रचनेवाला कवि ही नहीं बनेगा; बल्कि कर्मठ और कर्मण्य काव्य लिखनेवाला कवि बनेगा। रामदास स्वप्नदर्शी है और मुझे स्वप्नदर्शी लोग पसन्द हैं। मैं आशा रखता हूँ कि तुम उसकी मित्र और पथ-प्रदर्शक बनकर उसे सन्मार्गपर लगाओगी। मैं चाहता हूँ कि थोड़े समय तुम जाकर मणिलालके साथ रहो। वहाँ तुम अपनी पढ़ाई जारी रख सकोगी।

वॉगल[३], फिलिप्स[४] और डोक[५] परिवारके लोग कैसे हैं? कभी उनसे मिलती हो? मैकिटायर[६] कहाँ हैं? भारतीयोंका काम कैसा हो रहा है? थम्बीसे[७] मुलाकात होती है? उसे क्या हो गया है? मैं आशा रखता हूँ कि तुम इन सब प्रश्नोंकी अपने पत्रों में चर्चा करोगी। किन्तु कुछ भी न होनेसे थोड़ा होना भी अच्छा है।

  1. सोंजा इलेसिन दक्षिण आफ्रिकामें शुरूमें गांधीजीकी टाइपिस्ट थीं। बादमें तो वे बापूकी बहुत ही विश्वस्त साथी बन गई। सत्याग्रहकी लड़ाई में उन्होंने काफी मदद दी। देखिए खण्ड ८, पृष्ठ २४।
  2. साधन-सूत्रमें यहाँ कुछ शब्द मिटे हुए हैं।
  3. श्रीमती वोंगल भारतीय महिलाओंको पढ़ाती थीं, और जोहानिसबर्ग में उन्होंने भारतीय बाजारका आयोजन किया था। उनके पति दरजीका काम करते थे। पति-पत्नी दोनोंने दक्षिण आफ्रिकामें भारतीयोंक लिए काफी काम किया।
  4. चार्ल्स फिलिप्स, ट्रान्सवालमें कॉंग्रेगेशनल चर्च के पादरी।
  5. गांधीजीका अभिप्राय रेवरैंड जोजेफ जे० डोक (१८६१-१९१३) की पत्नी और पुत्री ओंलिव डोकसे है।
  6. गांधीजी जब दक्षिण आफ्रिकामें उस समय श्री मैकिटायर उनके मुन्शी थे।
  7. थम्बी नायडू, एक सत्याग्रही।