पृष्ठ:सम्पूर्ण गाँधी वांग्मय Sampurna Gandhi, vol. 26.pdf/११५

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
८५
कोहाटके दंगोंके बारेमें कमाल जिलानीसे जिरह

प्रश्न: उनकी संख्या लगभग कितनी होगी?

उत्तर: जुम्मा मस्जिदमें कोई न कोई आदमी मुसलमान बनाया ही जाता है। इन मुसलमान बनाये जानेवालोंकी संख्या हर साल सौ या डेढ़ सौ हो जाती है, किन्तु यह जरूरी नहीं है कि ये सब लोग खास कोहाट ही के हों। हरेक जुम्मेको एक या दो लोग मुसलमान बनाये जाते हैं।

प्रश्न: क्या सभी लोग जो मुसलमान बनाये जाते हैं, हिन्दू होते हैं?

उत्तर: हाँ, वे सभी हिन्दू होते हैं, किन्तु कभी-कभी सिख भी होते हैं।

प्रश्न: क्या इससे पहले पुस्तिकाकी घटनाके अलावा कोई और घटना भी हुई है?

उत्तर: तालाबों आदिसे ताल्लुक रखनेवाली कुछ छुटपुट घटनाएँ हुई हैं, लेकिन इन घटनाओंके अलावा, जिनका जिक्र पहले ही हो चुका है, ऐसी कोई घटना नहीं हुई जिसका असर लोगोंकी बहुत बड़ी तादादपर पड़ा हो। यद्यपि तालाबों आदिके मामले बहुत सीमित प्रकारके थे, फिर भी उन्होंने जोर पकड़ा और बाहरी लोगोंमें फैल गये।

प्रश्न: क्या मुसलमान बनाये जानेके मामलोंमें हिन्दुओंके हस्तक्षेपसे मुसलमानोंमें कोई नाराजगी पैदा हुई थी?

उत्तर: हाँ, इससे जरूर नाराजगी पैदा हुई थी। हिन्दुओंको मुसलमान हमेशा ही बनाया जाता रहा है, लेकिन हिन्दुओंने उधर कभी ध्यान नहीं दिया। लेकिन खुदा जाने अब क्या हो गया। इसपर वे तूफान खड़ा कर रहे हैं। आखिर ये लोग अपनी स्वतन्त्र इच्छासे और इस्लामके प्रति प्रेमके कारण ही मुसलमान बनते हैं।

प्रश्न: क्या ये सभी लोग जो मुसलमान बनाये जाते हैं, बालिग होते हैं।

उत्तरः जब माँ-बापोंके साथ होते हैं तब बच्चे भी मुसलमान बनाये जाते हैं। बाकी सब तो बालिग ही होते हैं।

प्रश्न: क्या कभी मुसलमानोंने हिन्दुओंसे ऐसा कहा कि उन्हें इस तरहका बरताव नहीं करना चाहिए?

उत्तर: हाँ, उनसे (हिन्दुओंसे) ऐसा कहा गया। मैंने खुद उनसे ऐसा कहा! लेकिन जिनसे मैंने कहा उनमें से कोई विशिष्ट व्यक्ति नहीं था और न उनमें से कोई सार्वजनिक कामों में दिलचस्पी ही लेता था।

प्रश्न: यह बात शुद्धि-आन्दोलनके पहले शुरू हुई या उसके बाद? उत्तर : यह शुद्धि-आन्दोलनके बाद शुरू हुई। ये सभी घटनाएँ जिनका मैंने जिक्र किया है, शुद्धि और संगठन आन्दोलनके बाद हुई हैं।

प्रश्न: क्या आपका विश्वास है कि इसका दंगोंपर कोई असर पड़ा है?

उत्तरः दिलोंमें पहलेसे ही दुर्भावनाएँ मौजूद थीं। यह एक और कारण बन गया।

प्रश्न: क्या यह वही मुसलमान लड़की है जिसका जिक्र सरदार माखनसिंहके लड़केकी घटनाके सम्बन्धमें किया गया है?

उत्तर: हाँ, यह वही है।