पृष्ठ:सम्पूर्ण गाँधी वांग्मय Sampurna Gandhi, vol. 26.pdf/१२५

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।
९५
कोहाटके दंगोंके बारेमें अहमद गुलसे जिरह

प्रश्न: क्या आप वहाँ गये थे, जहाँ गोली चली थी?

उत्तर: नहीं, वहाँ मैं नहीं गया। मेरा साथी और मैं कारसे उतर गये और अहमद खाँ वापस चले गये। जब मैं कोतवालीसे अपने घर जा रहा था, तब सब ओरसे गोलियाँ चल रही थीं और कुछ लोग शहर में भी घुसने लगे थे। मैं इस भयानक स्थितिमें घर चला गया; मेरी तबीयत भी ठीक नहीं थी, किन्तु मैने बादमें सुना कि बाजार जलाया जा रहा है और तीन मुसलमान मारे गये हैं, तीन घायल हो गये हैं।

प्रश्न: क्या आपने उस वक्त किसी हिन्दूके मारे जाने या घायल होनेकी बात भी सुनी थी?

उत्तर: मैने हिन्दुओंके बारे में भी पूछताछ की थी, किन्तु मुझे किसी हिन्दूके मारे जाने या घायल होनेकी खबर नहीं मिली। वह रात शान्तिसे बीती।

प्रश्न: यह घटना कब हुई थी?

उत्तरः यह ९ सितम्बरको हुई थी।

प्रश्न: जब आप मोटरमें थे और आपको गोली चलनेकी खबर मिली थी तब क्या अहमद खाँ भी वहाँ गये थे?

उत्तर: अहमद खाँ गोली चलनेकी जगहपर नहीं गये थे। वे वापस चले गये थे।

प्रश्न: आप बाजार कब गये थे?

उत्तर: जब मैं अहमद खाँके साथ बाजार गया था, तब करीब डेढ़ बजा था।

प्रश्न: इसके अलावा आप किसी दूसरी घटनाका जिक्र भी कर रहे थे जो सरदार साहबके मामलेसे पूर्व घटी थी।

उत्तरः वे मामूली बातें हैं। और यहाँपर जिक्र करने लायक नहीं हैं।

प्रश्न: पीर साहबने कहा है कि हिन्दू लोग चार-पाँच सालसे मुसलमान बनाये गये हिन्दुओंके मामलेमें अदालती कार्रवाई कर रहे हैं। इससे मुसलमानोंको बहुत सदमा पहुँचा है। क्या आप भी इस बातसे सहमत हैं?

उत्तर: चूँकि पीर साहबका ताल्लुक अन्दरूनी भागके लोगोंसे है, इसलिए हो सकता है कि देहाती लोगोंका ऐसा खयाल हो। पीर साहबकी राय चाहे जो हो, लेकिन मेरे खयालमें ऐसी बात नहीं हो सकती।

प्रश्न: पीर साहबने कहा है कि चार साल पहले हिन्दू, मुसलमान बनाये जानेवाले हिन्दुओंकी कोई परवाह नहीं करते थे। किन्तु वे अब चार सालसे अदालतोंका सहारा लेने लगे हैं, इस मामले में आपका क्या खयाल है?

उत्तर: इस बारेमें उनकी रायसे मेरी राय अलग है। ऐसा सिर्फ मुसलमान बनाई गई औरतोंके बारे में हुआ है; मर्दोके बारेमें नहीं। जब कोई हिन्दू मुसलमान बनता है और हिन्दू उसे वापस लेने की कोशिश करते हैं, तब मामला ही दूसरा हो जाता है। सभीको मजहबी आजादी है। चूँकि सरहदमें मुसलमानोंकी संख्या ज्यादा है, इसलिए सरकार मुसलमानोंकी भावनाओंका खास खयाल रखती है। उदाहरणके लिए