पृष्ठ:सम्पूर्ण गाँधी वांग्मय Sampurna Gandhi, vol. 9.pdf/२८२

विकिस्रोत से
यह पृष्ठ जाँच लिया गया है।

१५६. केपके भारतीय

केपके भारतीय सो रहे हैं। प्रवासी अधिकारी जाग रहा है। केपका प्रवासियोंसे सम्बन्धित विवरण प्रत्येक भारतीयके पढ़ने और विचार करने योग्य है। हम यहाँ उसमें से केवल दो बातोंपर जोर देना चाहते हैं। श्री कज़िन्स (प्रधान प्रवासी अधिकारी) का कहना है कि अनेक भारतीय दूसरोंके बच्चोंको अपने कहकर ले आते हैं और उनकी झूठी उम्र बताते हैं। इस कारण श्री कज़िन्सका सुझाव है कि कानूनमें ऐसा संशोधन कर देना चाहिए जिससे प्रत्येक भारतीय भारतसे ही बच्चेकी उम्रका और इस आशयका (सरकारी) प्रमाणपत्र लाये कि वह बच्चा उसीका है। इन दोनों बातोंमें परस्पर कार्य-कारण सम्बन्ध है। कुछ भारतीय उक्त ढंगकी धोखाधड़ी करते हैं, इसीलिए श्री कज़िन्सने यह नया सुझाव दिया है। जबतक हम मिथ्या आचरण करते हैं तबतक हमें परेशानियाँ उठानी ही पड़ेंगी। चोरी-छिपे कानून तोड़ना सदा हानिकारक होता है। यदि हममें हिम्मत हो तो कोई कानून पसन्द न आनेपर उसे खुल्लमखुल्ला तोड़ना चाहिए; यह लाभदायक है। ऐसा खुला कानून-भंग कब किया जाये, हमें इसका [भी] खयाल रखना चाहिए। केपके भारतीयोंको बहुत सावधानी रखनी है। एक तो यह कि यदि हममें बेईमानी है तो उसे दूर करें; और दूसरे, तत्काल सरकारको लिखें कि श्री कज़िन्सका सुझाव अनुचित है। हम इस विवरणकी दूसरी बातें अन्यत्र देंगे।

[गुजरातीसे]
इंडियन ओपिनियन, १२-६-१९०९

१५७. जोहानिसबर्गकी चिट्ठी

हाउटपुर्टके कैदियोंसे मुलाकात

हाइडेलवर्गके पास हाउटपुर्टकी जेलमें भारतीय कैदियोंसे मुलाकात करनेके लिए श्री गांधी, श्री व्यास, श्रीमती व्यास और श्री शेलत गये थे। सभी कैदियोंकी तबीयत बहुत अच्छी जान पड़ी। अब कुछ समयसे वहाँके अधिकारियोंका बरताव अच्छा दिखाई देता है।

श्री नानालाल शाह इसी जेलमें हैं। उन्होंने अपने पंजीयन प्रमाणपत्रका[१] उपयोग नहीं किया, इसलिए उनको छः महीनेकी कैदकी सजा दी गई है। इससे उनकी हिम्मत प्रकट होती है। जेलमें भी उनका काम अच्छा है। वे हरएकके प्यारे बन गये हैं। उनको खानेकी जो चीजें मिलती हैं उनमें से वे सभीको हिस्सा देते हैं। यह जेलसे छूटे हुए लोगोंने बताया है। अभी हालमें ही छूटे हुए श्री मनजी नत्थूभाई, श्री खीमचन्द शाह और श्री प्रभु कुबेर एक स्वरसे श्री नानालाल शाहकी प्रशंसा करते हैं।

श्री भायातके जेलमें होनेपर भी उनकी दूकानसे कैदियोंको मदद मिलती रहती है। जो कैदी छूटते हैं उनको लेनेके लिए प्रायः गाड़ी जाती है। मैं "प्राय:" शब्दका प्रयोग इसलिए

  1. रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट।