विकिस्रोत:अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

विकिस्रोत से
नेविगेशन पर जाएँ खोज पर जाएँ

विकिस्रोत क्या है?[सम्पादन]

विकिस्रोत एक मुक्त पुस्तकालय है जो दुनिया भर के उन लाखों योगदानकर्ताओं द्वारा लिखा जाता है जो ज्ञान को बाँटने एवं उसका प्रसार करने में विश्वास रखते हैं। विकिस्रोत के हर पुस्तक एवं सामग्री के पीछे हजारों लोगों का कठिन प्रयास एवं ज्ञान निहित है। इस समय फ्रांसीसी, अंगरेजी आदि विकिस्रोत सबसे बड़े विकिस्रोतों में शामिल हैं। विकिस्रोत परियोजनाएं १० भारतीय भाषाओं सहित विश्व की ७० से भी अधिक भाषाओं में उपलब्ध हैं। हिंदी विकिस्रोत पर अभी १२ निर्वाचित पुस्तकों सहित दो सौ से अधिक पुस्तकें हैं। विकिस्रोत में हर लेख स्वयंसेवकों के एक बड़ी संख्या में किए गए सहयोगी सम्पादनों का परिणाम है।

विकि क्या है?[सम्पादन]

विकि सॉफ़्टवेयर वार्ड कुन्निगम द्वारा १९९४ में विकसित किया गया था। तब उसने विकिवेब सॉफ़्टवेयर विकसित कर इसे २५ मार्च १९९५ को www.c2.com नामक वेबसाईट पर प्रस्तुत किया था। उसने स्वयं इसके लिए विकि नाम का सुझाव दिया था। उसने यह नाम होनोलुलु द्वीप पर स्थित हवाईअड्डे के एक कर्मचारी से सुना, जिसने उसे हवाईअड्डे के दोनों सिरों के बीच चलने वाली बस विकिविकि चान्स आर टी ५२ के बारे में बताया। विकि का अर्थ हवाई भाषा में तेज़ गति होता है।

सामान्यतः अन्तरजाल में किसी भी वेबसाईट पर कोई जानकारी देने के लिए अथवा सुरक्षित रखने के लिए हमें वेबसाईट के स्वामी से अनुमति लेनी पड़ती है परन्तु विकि एक ऐसा साफ़्टवेयर है जो सभी को प्रायः हर प्रकार की प्रतिबाधा से मुक्त रखकर बिना खास तकनीकी ज्ञान एवं विशेषाधिकार के सूचना सामग्री को जोड़ने, संशोधित करने एवं हटाने की सुविधा उपलब्ध कराता है। क्योंकि किसी विकि साफ़्टवेयर पर सूचना सामग्री डालना अत्यन्त सरल है जिस कारण यह सहयोगात्मक संलेखन के लिए एक सर्वोत्तम उपकरण है।

क्या विकि और विकिस्रोत एक हैं?[सम्पादन]

विकि और विकिस्रोत एक ही संस्था अथवा नाम नहीं है। चूंकि विकि साफ़्टवेयर सहयोगात्मक संलेखन के लिए एक सर्वोत्तम उपकरण है इसलिए विकिस्रोत जो कि एक मुक्त पुस्तकालय है, पुस्तक सामग्री जोड़ने या हटाने के लिए इसका उपयोग करता है। विकिस्रोत केवल उन अंतर्जाल संसाधनों में से एक सबसे अधिक प्रसिद्ध एवं विशाल वेबसाईट है जो विकि सॉफ़्टवेयर का प्रयोग करता है इस कारण कई लोग यह मान लेते है कि विकि और विकिस्रोत दोनों एक ही हैं परन्तु यह सत्य नहीं।

विकिस्रोत कब शुरु हुआ?[सम्पादन]

२९ जनवरी, २००१ में विकिपीडिया का शुभारम्भ निपुण लोगों द्वारा बनाए गए ज्ञानकोश न्यूपीडिया के पूरक के रूप में हुआ।

हिंदी विकिस्रोत का वर्तमान डोमेन १७ सितंबर २०१९ में सक्रिय किया गया। संपूर्ण परियोजना १० अक्टूबर २०१९ (विजया दशमी) के दिन पुराने विकिस्रोत से स्थानांतरित हुई।

वर्तमान में यह ५,७३३ पृष्ठों, ३८ सक्रिय सदस्यों, एवं ४,७७३ कुल सदस्यों के साथ यह भारतीय और दक्षिण एशियाई भाषाओं में उपलब्ध विकिस्रोत का सबसे तेजी से विकसित होने वाला संस्करण है।

क्या मुझे हिन्दी विकिस्रोत पर संपादन आरम्भ करने से पहले पर्याप्त जानकारी होना आवश्यक है?[सम्पादन]

अधिकतर लोगों के बीच यह एक गलत अवधारणा है कि विकिस्रोत पर संपादन करने के लिए हमें पर्याप्त जानकारी होना आवश्यक है। वास्तव में आप सामान्य जानकारी एवं कौशल के साथ भी विकिस्रोत पर कार्य शुरु कर सकते हैं। विकिस्रोत पर कोई भी पुस्तक सुधारने या बनाने के लिए आपका किसी क्षेत्र-विशेष में विशेषज्ञ होना आवश्यक नहीं है। विकिस्रोत की हर पुस्तक सैंकड़ों योगदानकर्ताओं के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। आपके द्वारा जिस पुस्तक के किसी एक पृष्ठ को सुधारने का कार्य किया जाएगा कल किसी अन्य के द्वारा उसके दूसरे पृष्ठों को ठीक कर दिया जाएगा। इस तरह एक दिन वह पुस्तक पूर्ण हो जाएगी। इस प्रकार वह कितने ही लोगों के उपयोग के लिए सर्वसुलभ हो जाएगी। इसी तरह थोड़ा-थोड़ा कर हम दुनिया का सबसे विशालतम मुक्त तथा मुफ्त हिंदी पुस्तकालय बना लेंगे। अतः कम जानकारी से न घबराएं, मुक्त मन से विकिस्रोत पर पुस्तकें सुधारने का कार्य शुरु करें।

क्या विकिस्रोत पर कोई ऐसा नियम है कि किस पुस्तक पर कार्य करना है और किसपर नहीं?[सम्पादन]

आप विकिस्रोत पर किसी भी पुस्तक पर कार्य कर सकते हैं बशर्ते कि यह कार्य विकिस्रोत की शैली के अनुरूप हो। इसके लिए विकिस्रोत पर कई विकिनीतियां निर्धारित हैं जिनका पालन करना अनिवार्य है। हां विकिस्रोत पर केवल मुद्राधिकार मुक्त पुस्तकों पर ही कार्य किया जा सकता है।

मेरी पुस्तक और पृष्ठ को कई लोग सम्पादित करते है ऐसा क्यों?[सम्पादन]

विकिस्रोत पर कोई भी पुस्तक किसी अकेले व्यक्ति के कार्य करने के लिए नहीं होती है। यह अनेक सदस्यों के सहयोगात्मक एवं सामूहिक योगदान का परिणाम होती है। हाँ यदि आपके द्वारा निर्मित पुस्तक किसी अन्य सदस्य द्वारा बिगाड़ी जाती है या उसमें गलतियाँ की जाती हैं तो आपके द्वारा स्वयं इसे सुधारा जा सकता है या इस कार्य में प्रबंधकों से सहयोग के लिए भी कहा जा सकता है। आपके द्वारा संबंधित पृष्ठ के वार्ता पृष्ठ पर अन्य सदस्यों से इस संबंध में बातचीत कर भी समाधान निकाला जा सकता है।

विकिस्रोत में किसके द्वारा योगदान किया जा सकता है?[सम्पादन]

ज्ञान का प्रसार करने को इच्छुक किसी भी व्यक्ति द्वारा इस परियोजना के विकास में योगदान दिया जा सकता है। कोई भी जो किसी मुद्राधिकार मुक्त पुस्तक को विकिस्रोत के जरिये सुरक्षित रखना चाहे और उसे लोगों के लिए सुलभ बनाना चाहे वह इस परियोजना में योगदान देने का उपयुक्त पात्र है।

मैं अंग्रेज़ी भाषा में प्रवीण हूँ तो मैं हिन्दी विकिस्रोत पर क्यों योगदान दूँ?[सम्पादन]

आप अंग्रेज़ी में दक्ष है तो यह बहुत प्रशन्सनीय बात है परन्तु यह आपकी मातृ भाषा को त्याग देने का कारण नहीं बनना चाहिए। आप अंग्रेज़ी में उपलब्ध जानकारी को हिंदी विकिस्रोत के विकास में भी प्रयोग कर सकते हैं। इससे उन लोगों को बहुत सहायता मिलेगी जो अंग्रेज़ी भाषा नहीं जानते अथवा जो हिंदी भाषा में पढ़ना पसंद करते हैं। अंग्रेज़ी दक्ष होना या न होना किसी भी व्यक्ति को अपनी मातृ भाषा में ज्ञान बाँटने अथवा एकत्रित करने से नहीं रोकता। हिन्दी हमारी मातृ भाषा ही नहीं वरन् राष्ट्र भाषा और सर्वाधिक व्यापक भाषा भी है। अत: इसके विकास के लिए प्रयासरत रहना हिंदी भाषियों का दायित्व भी है।

मेरी हिन्दी विकिस्रोत में योगदान करने की इच्छा है परन्तु मुझे हिन्दी टंकन नहीं आता। क्या करें?[सम्पादन]

हिंदी विकिस्रोत पर हिन्दी लिखना अत्यन्त सरल है। संगणक पर टंकित करने के सारे माध्यमों द्वारा यहाँ हिंदी में लिखा जा सकता है। सबसे बेहतर है इन्सक्रिप्ट कीबोर्ड सीख लेना। लेकिन यदि आपको पहले से अंग्रेजी टंकन आती है तथा आप हिंदी कीबोर्किड अलग से सीखने को तैयार नहीं हैं तो आपके लिए अंग्रेजी के जरिए हिंदी में टंकन की सुविधा भी उपलब्ध है। यहाँ लिप्यन्तरण (ट्रान्सलिटरेशन) उपकरण उपलब्ध है जिसकी सहायता से आप सरलता से हिन्दी लिख सकते है। बस इससे पहले आप कुछ जानकारी इस वेबपृष्ठ से ले लें- देवनागरी में कैसे टंकण करें?। इसमें आपको इस उपकरण का उपयोग करने की पूरी जानकारी मिलेगी। यह उपकरण उपयोग करने में अत्यन्त सरल है जिसे हज़ारो विकिस्रोत के सदस्य उपयोग करके संगणक पर हिन्दी लिखना सीख चुके हैं।

मैं विकिस्रोत पर संपादन क्यों करूँ? इससे मुझे क्या लाभ मिलेगा?[सम्पादन]

विकिस्रोत स्वैच्छिक संपादकों के संगठित प्रयासों का परिणाम है। यह अपनी भाषा की पुस्तकों को सुरक्षित रखने एवं सबके लिए सुलभ बनाने का सबसे आसान माध्यम है। समय बढ़ने के साथ हिंदी की पुरानी पुस्तकें न केवल दुर्लभ होती जा रही हैं बल्कि बहुत सारी मिटती भी जा रही हैं। आप विकिस्रोत पर ऐसी पुस्तकों को संरक्षित कर समय के साथ उसे नष्ट होने से बचा सकते हैं। अन्यथा हिंदी भाषी पूर्वजों द्वारा परिश्रम से संचित और निर्मित किया गया साहित्य तथा ज्ञान क्षीण होता-होता लुप्त हो जायेगा जिसे पुनः प्राप्त करना दुष्कर होगा। सोचिए यदि हम सब मिलकर यह प्रयास करेंगे तो दुनिया के हर हिन्दी भाषी को उसकी मातृभाषा में बिल्कुल नि:शुल्क और हर समय एवं हर प्रकार की पुस्तकें उपलब्ध रहेगी।

क्या विकिस्रोत पर मेरा कार्य सुरक्षित रहेगा क्योंकि विकि पर तो कोई भी सम्पादन कर सकता है?[सम्पादन]

जी हाँ बिल्कुल। यदि आपके द्वारा किया गया संपादन या बनाई गई पुस्तक विकिस्रोत की शैली के अनुरूप है तो वह अवश्य सुरक्षित रहेगी। यदि कोई अन्य सदस्य इसे हटाता या खराब करता है तो आप उसे स्वयं पुनः पहले वाली अवस्था पर ला सकते हैं या विकिस्रोत के प्रबन्धको अथवा सक्रिय सदस्यों की सहायता ले सकते हैं। हाँ यदि कोई अन्य व्यक्ति आपके द्वारा बनायी या सुधारी गई पुस्तक को और बेहतर बनाता है या सुधारता है तो तो उसे इसका पूर्ण अधिकार है। यदि कोई किसी सामग्री को बार-बार खराब करने की चेष्टा करे तो वह प्रबंधकों द्वारा प्रतिबंधित या अवरोधित भी किया जा सकता है। अतः आप निर्भय होकर हिन्दी विकिस्रोत पर अपना योगदान दें।

मेरा किसी अन्य विकि परियोजना पर खाता बना हुआ है। क्या उसके द्वारा यहाँ संपादन किया जा सकता है?[सम्पादन]

जी हाँ। विकिमीडिया फाउंडेशन की लगभग सभी परियोजनाएं एक ही खाते से सत्रारंभ (लॉगइन) की सुविधा प्रदान करती हैं। ऐसे में यदि आपने पहले से किसी भी भाषा की किसी भी तरह की विकि परियोजना पर खाता बनाया है तो उसका उपयोग कर आप हिंदी विकिस्रोत पर भी सत्रारंभ कर सकते हैं तथा संपादन भी कर सकते हैं।

'लॉग इन' कैसे करें?[सम्पादन]

विकिस्रोत के सभी पृष्ठों पर लॉगइन का विकल्प उपलब्ध है। आप किसी भी पृष्ठ पर पहुँचकर लॉगइन कर सकते हैं। इसके लिए निम्नलिखित प्रक्रिया को अपनाएं-

  1. अपने वेब पेज ब्राऊसर के एड्रेस बार पर 'hi.wikisource.org' लिखें।
  2. फिर वेब पेज के उत्तर-पूर्व की दिशा पर बने हुए टैब-बार पर 'Log In' (या लॉग इन) पर क्लिक करें।
  3. अपना यूज़र-नेम एवं पास-वर्ड टाइप करें।
  4. लॉग इन पर क्लिक करें।

अगर आप पहले से ही हिन्दी विकिस्रोत पर हैं तो पहले चरण को छोड़ दें। शेष तीनों चरण के अनुसार लॉगइन करें। यदि प किसी अन्य परियोजना पर पहले से लॉगइन हैं तथा वहाँ से किसी कड़ी के जरिए विकिस्रोत पर पहुँचते हैं तो कई बार आप स्वतः लॉगइन हो जाते हैं।

मुझे भी विकिस्रोत में योगदान देना है, मैं क्या करुँ?[सम्पादन]

विकिस्रोत पर आपका स्वागत है। आप जैसे विचारको के कारण ही विकिस्रोत का विकास हुआ है। विकिस्रोत पर योगदान के कई तरीके हैं। कुछ यहाँ सुझाये गये हैं।

  • गलतियाँ सुधारें- विकिस्रोत पर पुस्तक पढ़ते समय अक्सर ही लोग पाते हैं कि "कुछ सही नहीं है"। यह गलतियाँ हो सकती हैं - कडियाँ, मात्रायें, व्याकरण या जानकारी आदि। फिर वे तुरन्त ही बदलें बटन को क्लिक करते हैं और गलती सही कर देते हैं। लगभग हर एक योगदान करने वाले की शुरूआत की यही कहानी है। अगर आपको यह पता नहीं है क्या सही है, या आपको कुछ अन्देशा है तो पहले आप उस पुस्तक पृष्ठ के संवाद पृष्ठ पर चर्चा कर लें। पुस्तक पृष्ठ के संवाद पृष्ठ पर जाएँ, "+" बटन को क्लिक करें। अपने चर्चा का शीर्षक दें, और चर्चा आरम्भ कर दें। और हाँ, अपना हस्ताक्षर और समय देना न भूलें, उसके लिए ~~~~ का प्रयोग करें।
  • नई अपलोड की हुई पुस्तकों पर कार्य करें- विकिस्रोत के मुखपृष्ठ पर आगामी पुस्तकें, नई पुस्तकें तथा नए अपलोड अनुभाग में विभिन्न तरह के कार्य के लिए उपलब्ध पुस्तकों की कड़ियां दी गई हैं। नए अपलोड की पुस्तकों की कड़ियाँ उस पुस्तक के विषय सूची पृष्ठ को खोलती है। इसपर पृष्ठ के अंक यदि लाल रंग से लिखे हों तो वे पृष्ठ यंत्राभिज्ञान (ओसीआर) करने के लिए शेष हैं। उस अंक पर क्लिक करते ही संपादन बक्से सहित एक पृष्ठ बनाने के लिए खुलता है। संपादन बक्से के ऊपर ही ओसीआर उपकरण की कड़ी आती है। इसपर क्लिक करने के बाद लगभग ६ सेकेंड में पृष्ठ का पाठ यंत्राभिज्ञानित होकर संपादन बक्से में आ जाता है। इसे प्रकाशित करते ही यह सुरक्षित हो जाता है।
  • वर्तनी सुधारें- नई पुस्तक अनुभाग की पुस्तकों में वर्तनी सुधारने का कार्य करने की आवश्यकता वाली पुस्तकें हैं। इनपर चटका लगाकर (क्लिक) पुस्तक की विषयसूची का पृष्ठ खोलें। गुलाबी पृष्ठभूमि में पृष्ठों के अंक होने का मतलब है कि उनकी वर्तनी सुधारने की जरूरत है। आप उन्हें खोलकर उनका संपादन कर सकते हैं। स्रोत पृष्ठों से देखकर आप उन पृष्ठों की वर्तनी सुधारें। वर्तनी सुधारने के बाद संपादन सारांश के नीचे के गोलों में से अगला पीले रंग का गोला चिह्नित कर दें। इससे विषय-सूची पृष्ठ पर आपके द्वारा सुधारे गए पृष्ठ की पृष्ठभूमि गुलाबी रंग से बदलकर पीली हो जाएगी।

मै लेखक पृष्ठ या अन्य पृष्ठों पर चित्रों को कैसे लगाउँ?[सम्पादन]

जबतक इस विषय पर हिन्दी मे जानकारी उपलब्ध हो तब तक आप देखे - en:Wikipedia:Picture tutorial और en:Help:Contents/Images and media

हम समान विषय की पुस्तकों को आपस में कैसे जोड़ सकते हैं?[सम्पादन]

समान विषय की पुस्तकों को आपस मे जोड़ने के कई तरीके हैं।

  • साँचों का प्रयोग कर- साँचे विशेष पृष्ठ होते है, यह विषय-वस्तु (content) को एक से अधिक लेखों पर दोहराने का सरल उपाय है। साँचों के नाम "Template:" से शुरू होते हैं। साँचा को पृष्ठ पर डालने के लिए साँचे का नाम कोष्ठक {{ के अन्दर लिखें।
  • श्रेणी का प्रयोग- किसी भी पुस्तक को आप एक या एक से अधिक श्रेणी मे डाल सकते हैं। लेख को श्रेणी मे डालने के लिए विशेष कमाण्ड "[[श्रेणी: लेख की श्रेणी]]" का प्रयोग करें। जहाँ, लेख की श्रेणी उस श्रेणी का नाम है जिसमे लेख को डालना चाहते है। उदाहरण के लिए देखें: गोदान पुस्तक, यह उपन्यास और प्रेमचंद साहित्य श्रेणी में शामिल है। श्रेणी में लेख वर्णक्रमानुसार क्रमबद्ध होते हैं। श्रेणी खुद भी किसी अन्य श्रेणी की उप-श्रेणी हो सकती है। उदाहरण के लिए श्रेणी:गोदान नामक श्रेणी, श्रेणी:प्रेमचंद साहित्य नामक श्रेणी की उपश्रेणी है।

नई पुस्तक बनाना कैसे आरम्भ करें?[सम्पादन]

पुस्तक के पृष्ठ शोधित होने के बाद मुख्य नाम स्थान पर पुस्तक बनाने की प्रक्रिया सुरु की जाती है। नई पुस्तक आरम्भ करने के लिये पुस्तक के शीर्षक को खोज बक्से में लिखकर खोजें। यदि उस शीर्षक से पहले पुस्तक नहीं बनी होगी तो नया पृष्ठ बनाने का विकल्प आ जायेगा।

हिन्दी विकिस्रोत से सम्बन्धित किसी प्रकार की सहायता या कोई समस्या आने पर मैं कहां सम्पर्क करुं?[सम्पादन]

हिन्दी विकिस्रोत में सम्पादन से सम्बन्धित या किसी अन्य समस्या के आने पर आप चौपाल या प्रबंधक सूचना पृष्ठ पर अपना सन्देश दे सकते हैं।

हिन्दी में कौन-कौन सी विकि परियोजनाएं सक्रिय हैं?[सम्पादन]

निम्नलिखित परियोजनाएं हिन्दी भाषा में सक्रिय हैं:

यह हिन्दी में विकि की सबसे अधिक सक्रिय परियोजना है।

यह परियोजना हिन्दी में विभिन्न शब्द, पर्यायवाची, विलोम, व्युत्पत्ति आदि की परिभाषा बनाने हेतु है।

यह परियोजना शैक्षिक पाठ्यपुस्तकों की एक मुफ्त पुस्तकालय बनाने के लिए हेतु है जिसे कोई भी सम्पादित कर सकता है।

यह परियोजना विभिन्न लोकोक्तियों ,मुहावरो एवं कथनों का संग्रह है।

मुद्राधिकार मुक्त (कॉपीराइट फ्री) पुस्तकों का एक ऑनलाइन मुक्त पुस्तकालय

शिक्षण गतिविधियों के लिए एक मुक्त विद्यालय